पोस्टर में मार्क जुकरबर्ग को आरएसएस की पोशाक में दिखाया, मेटा पर बीजेपी के पक्ष में काम करने का आरोप
धनबाद। मेटा और उसके संस्थापक मार्क जुकरबर्ग के खिलाफ झारखंड प्रदेश यूथ कांग्रेस ने पोस्टर लगाकर विरोध जताया है। धनबाद के रणधीर वर्मा चौक के पास लगाए गए पोस्टर में मार्क जुकरबर्ग को आरएसएस की पोशाक में दिखाया गया है। पोस्टर पर ‘मार्क बीजेपी बर्ग’ और ‘मेटा बीजेपी का बेटा’ जैसे नारे लिखे गए हैं।
यूथ कांग्रेस ने मेटा पर राजनीतिक भेदभाव करने और बीजेपी के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया है। संगठन का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सभी राजनीतिक दलों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए और किसी भी पार्टी के पक्ष में पक्षपात नहीं किया जाना चाहिए।
पोस्टर के जरिए यूथ कांग्रेस ने मेटा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया है। रणधीर वर्मा चौक के पास लगाए गए इस पोस्टर के सामने आने के बाद धनबाद में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। पोस्टर में इस्तेमाल किए गए नारों और तस्वीर को लेकर लोगों के बीच भी चर्चा हो रही है।


