पलामू: पलामू में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे राहुल दुबे गैंग के चार संदिग्धों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी अवैध हथियारों के साथ मंगरदाहा घाटी में घूम रहे थे और एक निर्माण साइट पर फायरिंग कर लेवी वसूलने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने उनके पास से दो देशी पिस्टल, 12 जिंदा गोलियां, दो मैगजीन, एक खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक पलामू को 17 नवंबर 2026 की रात गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक हथियारों के साथ मंगरदाहा घाटी में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर सदर मेदिनीनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई।
टीम ने मंगरदाहा घाटी स्थित कचड़ा डिपो के पास कार्रवाई की। पुलिस बल को देखते ही वहां मौजूद चार युवक भागने लगे, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो देशी पिस्टल, दो मैगजीन, 12 जिंदा गोलियां, एक खोखा और रेडमी व वीवो कंपनी के दो स्क्रीन टच मोबाइल बरामद हुए।
कंस्ट्रक्शन साइट पर फायरिंग कर लेवी वसूलने की थी योजना
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी सईद मोसाहिद उर्फ छोटू ने बताया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं। सभी की योजना लहलहे में चल रहे एक कंस्ट्रक्शन साइट पर जाकर फायरिंग करने और वहां से लेवी मांगने की थी। पुलिस के अनुसार, इस योजना को अंजाम देने से पहले ही चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में एक का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सईद मोसाहिद उर्फ छोटू, मो. सैफ, युसुफ अंसारी और शाहिद खलीफा के रूप में हुई है। चारों पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, सईद मोसाहिद उर्फ छोटू के खिलाफ पहले से चैनपुर थाना कांड संख्या 228/25 दर्ज है। यह मामला 22 नवंबर 2025 का है, जिसमें बीएनएस की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ राजेश यादव के साथ चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी, पुलिस अवर निरीक्षक शिवनाथ रंजन, रमण यादव, अनुप टोपनो, सहायक अवर निरीक्षक सिंगराय हेम्ब्रम, विक्रम सिंह तामसोय और चैनपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में संभावित आपराधिक वारदात को टालने का दावा किया गया है।


