भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और नियुक्तियों में देरी के खिलाफ आंदोलन की तैयारी; 22 नवंबर को हजारीबाग में छात्र महापंचायत बुलाने का ऐलान।

रांची: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, नियुक्तियों में देरी और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर छात्र आंदोलन एक बार फिर तेज होने लगा है। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच ने आंदोलन को दोबारा शुरू करने की तैयारी की है। इसी क्रम में बुधवार को रांची में आंदोलन शुरू करने पहुंचीं मंच की सदस्य उम्मे हबीबा को पुलिस ने डिटेन कर लिया।
उम्मे हबीबा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के सामने प्रेस कॉन्फ्रेंस करने और धरना-प्रदर्शन शुरू करने पहुंची थीं। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें रोक दिया। पुलिस के अनुसार, स्टेडियम के सामने धरना-प्रदर्शन और प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। इसके बाद पुलिस उन्हें अपने साथ थाने ले गई।
पहले भी 25 दिनों तक चला था आंदोलन
गौरतलब है कि जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर छात्रों ने 25 जुलाई 2026 को आंदोलन शुरू किया था। बाद में आंदोलन को मोरहाबादी से जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में शिफ्ट किया गया। यहां छात्र करीब 25 दिनों तक धरने पर बैठे रहे। 20 अगस्त को आंदोलन समाप्त हुआ था।
इस आंदोलन में उम्मे हबीबा भी सक्रिय रूप से शामिल थीं। उन्होंने धरना स्थल पर भूख हड़ताल भी की थी। अब एक बार फिर आंदोलन शुरू करने की कोशिश के बीच उन्हें पुलिस ने डिटेन कर लिया है।
22 नवंबर को हजारीबाग में छात्र महापंचायत
इधर, जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच ने 22 नवंबर को हजारीबाग में छात्र महापंचायत आयोजित करने की घोषणा की है। मंच की योजना राज्य के पांचों प्रमंडलों में महापंचायत के जरिए युवाओं को एकजुट करने की है।
मंच की प्रमुख मांगों में सरकारी विभागों के खाली पदों पर नियुक्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और जेएसएससी-सीजीएल विवाद से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। इन मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की तैयारी की जा रही है। रांची में बुधवार को हुई पुलिस कार्रवाई के बाद अब 22 नवंबर को होने वाली महापंचायत पर सबकी नजर है।


