झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तीकरण और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित, 26 नवंबर तक लगेंगे बिजली समस्या समाधान शिविर

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रांची जिले में विकास, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 18 नवंबर को जिले के सभी प्रखंडों की 305 ग्राम पंचायतों में पौधारोपण अभियान चलाया गया। इसके साथ ही किसानों को प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण दिया गया, ग्रामीण महिलाओं और गरीब परिवारों के लिए आजीविका से जुड़ी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया तथा बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पखवाड़े के दौरान शिक्षा, कृषि, स्वच्छता, नशामुक्ति, महिला सशक्तीकरण और जनसेवा को लेकर अलग-अलग विभागों की ओर से गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
305 पंचायतों में पौधारोपण अभियान
पर्यावरण संरक्षण और हरित झारखंड के उद्देश्य से जिले की सभी 305 ग्राम पंचायतों में पौधारोपण किया गया। पंचायत भवन, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, तालाब और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाए गए। पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी स्थानीय समूहों को सौंपी गई है। प्रशासन ने आम लोगों से भी पौधों की सुरक्षा और हरित वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
इसी क्रम में बेड़ो प्रखंड की केशा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के एक लाभुक के नवनिर्मित घर में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल के जरिए ग्रामीण परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने और उनके जीवन में सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
स्कूलों में विद्यार्थियों को बताई गई झारखंड की गौरव गाथा
स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत जिले के सभी स्कूलों में विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास, राज्य गठन के आंदोलन, महापुरुषों, आंदोलनकारियों और राज्य की समृद्ध संस्कृति एवं विरासत की जानकारी दी गई। रजत जयंती वर्ष के महत्व से भी छात्र-छात्राओं को अवगत कराया गया। इस दौरान क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई।
किसानों को प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण
कृषि विभाग की ओर से सोनाहातू प्रखंड की दुलमी पंचायत में किसानों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा, खेत बचाओ अभियान और एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (कृषोन्नति योजना) के तहत दिया गया।
कार्यक्रम में रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम बेहराजरा के सचिव स्वामी सुशीलानंद महाराज और प्रखंड तकनीकी प्रबंधक दीनानाथ भगत ने किसानों को पर्यावरण अनुकूल खेती के तरीके बताए।
किसानों को संतुलित उर्वरक के इस्तेमाल, मिट्टी की जांच और बीजोपचार की जानकारी दी गई। इसके अलावा बीजामृत, जीवामृत, निमास्त्र, अग्न्यास्त्र, ब्रह्मास्त्र और दशपर्णी अर्क तैयार करने तथा खेतों में इनके उपयोग की विधि समझाई गई। छाछ के इस्तेमाल से कीट और फसलों में होने वाली बीमारियों के नियंत्रण की जानकारी भी दी गई।
1,000 अति गरीब परिवारों का चयन, 719 को मिली सहायता
झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की ओर से ग्रामीण आजीविका और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों में गतिविधियां चलाई जा रही हैं।
समावेशी आजीविका योजना (SAY) के तहत राहे प्रखंड में 1,000 अति गरीब परिवारों का चयन किया गया है। इनमें 790 अनुसूचित जनजाति, 103 अनुसूचित जाति, 100 अन्य पिछड़ा वर्ग और 7 सामान्य वर्ग के परिवार शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार, अब तक 719 परिवारों को 1,500 रुपये प्रति परिवार की दर से उपभोग सहायता अनुदान दिया गया है। वहीं, 805 परिवारों को किचन गार्डन किट उपलब्ध कराई गई है।
इसके अलावा बुंडू प्रखंड के दलकीडीह गांव में 16 किसानों के बीच मटर बीज और पोषण वाटिका किट का वितरण किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीण परिवारों में पोषण आधारित खेती को बढ़ावा देना है।
425 बकरियों का टीकाकरण, कांके में 32 लाख की सामुदायिक निधि
पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों में 425 बकरियों का टीकाकरण किया गया। स्वयं सहायता समूहों (SHG) के वित्तीय लेन-देन और ग्राम संगठनों की कार्यप्रणाली को मजबूत करने के लिए विशेष शिविर भी आयोजित किए गए।
कांके प्रखंड के नेवरी क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) को 32 लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि (CIF) वितरित की गई। वहीं, सोनाहातू और राहे प्रखंड के विभिन्न ग्राम संगठनों में EC-2 बैठकें आयोजित की गईं। आधार आधारित e-KYC अभियान के तहत लगभग 1,506 लाभार्थियों का e-KYC पूरा किया गया।
26 नवंबर तक बिजली समस्या समाधान शिविर
स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत विद्युत आपूर्ति अंचल, रांची की ओर से 26 नवंबर तक विशेष जन समस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
उपभोक्ता नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन, बिजली बिल में सुधार, बिल नहीं मिलने की शिकायत, मोबाइल नंबर अपडेट, खराब ट्रांसफॉर्मर और बिजली के पोल से संबंधित समस्याएं लेकर शिविरों में पहुंच सकते हैं। प्रशासन के अनुसार, शिकायतों का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
शिविरों का कार्यक्रम:
- 18 नवंबर: पुंदाग विद्युत शक्ति उपकेंद्र, कोकर ग्रामीण उपकेंद्र, कुचु पंचायत भवन और रातू रोड कार्यालय।
- 19 नवंबर: सर्वर उपकेंद्र, डोरंडा (कुसई कॉलोनी), न्यू कैपिटल (टकरगांव), लालपुर कार्यालय, सुरसू और ईटकी।
- 20 नवंबर: रांची पॉलिटेक्निक, पहाड़ी न्यू मार्केट एरिया, मोरहाबादी, नेवरी, ब्रांबे और खूंटी कार्यालय।
- 21 नवंबर: सैनिक मार्केट, तुपुदाना, पिठोरिया, कोकर और चान्हो।
- 22 नवंबर: सेवा सदन, चुटिया पावर हाउस चौक और बुढ़मू।
- 23 नवंबर: अशोक नगर, एचईसी कार्यालय, हुसिर, जानुमपीड़ी और बोबेरा।
- 24 नवंबर: जगन्नाथ सिंह मैदान, चान्हो और खूंटी कार्यालय।
- 25 नवंबर: चंदरी, करकट्टा, तेमार, रातू रोड और अड़की।
- 26 नवंबर: हरमू, तुपुदाना, कचहरी, कोकर, बुंडू, खलारी और कर्रा।
चापाकलों की मरम्मत और स्वच्छता पर जोर
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से जिले में स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में खराब चापाकलों की मरम्मत का काम भी किया जा रहा है, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
जिला प्रशासन के मुताबिक, स्थापना दिवस पखवाड़े के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, कृषि विकास, ग्रामीण आजीविका और जनसेवा से जुड़ी योजनाओं को गांवों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
जन शिकायत के लिए व्हाट्सएप नंबर: जिला प्रशासन ने आम लोगों की शिकायतों के लिए ‘अबुआ साथी’ हेल्पलाइन नंबर 9430328080 जारी किया है।


