नगर निगम के नाम पर घर पहुंचने वाले व्यक्तियों की पहले करें पहचान, बिना आईडी कार्ड की जांच किए न दें प्रवेश
रांची। राजधानी रांची में वाटर मीटर चोरी से जुड़ी बढ़ती शिकायतों को देखते हुए रांची नगर निगम ने आम लोगों के लिए सार्वजनिक सूचना जारी की है। नगर निगम के अनुसार, वाटर मीटर चोरी से संबंधित कई आवेदन कार्यालय को प्राप्त हो रहे हैं। इस समस्या के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर निगम ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा है कि यदि कोई व्यक्ति जल संयोजन देने या वाटर मीटर से संबंधित किसी कार्य के नाम पर खुद को नगर निगम का प्रतिनिधि बताकर घर पहुंचता है, तो उसे बिना पहचान की पुष्टि किए घर में प्रवेश की अनुमति न दें।
पहचान पत्र की जांच के बाद ही दें घर में प्रवेश की अनुमति
नगर निगम ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि यदि कोई व्यक्ति निगम का प्रतिनिधि बनकर घर आता है, तो सबसे पहले उसके द्वारा जारी रांची नगर निगम का आईडी कार्ड अवश्य जांचें। पहचान की पुष्टि होने के बाद ही उसे घर में प्रवेश करने की अनुमति दें।
शिकायत या जानकारी के लिए जारी किया टोल फ्री नंबर
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि संबंधित व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करने के लिए निगम के टोल फ्री नंबर 18005701235 पर संपर्क करें। निगम का कहना है कि सतर्कता बरतकर इस तरह की धोखाधड़ी और वाटर मीटर चोरी की घटनाओं से बचा जा सकता है।
नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को निगम का कर्मचारी समझकर अपनी निजी जानकारी या घर में प्रवेश की अनुमति न दें।


