रांची। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए झारखंड सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। गुरुवार को आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विभागीय अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे तक उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्तों, सिविल सर्जनों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखने का निर्देश दिया।

किसानों की फसल को लेकर सरकार चिंतित
बैठक में धान की खड़ी फसल को लेकर विशेष चिंता जताई गई। मंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक करीब 25 प्रतिशत धान की कटाई हुई है, जबकि 75 प्रतिशत फसल अभी खेतों में है। भारी बारिश से किसानों को नुकसान होने की आशंका है।
उन्होंने निर्देश दिया कि फसल को नुकसान होने पर पंचायत और प्रखंड स्तर पर तत्काल सर्वे कराया जाए। कृषि विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को सरकारी प्रावधानों के तहत राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करें।
उपायुक्तों और सिविल सर्जनों को अलर्ट रहने का आदेश
मंत्री ने जलभराव, कच्चे मकानों को नुकसान, पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और ग्रामीण सड़कों के प्रभावित होने जैसी संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन को तैयार रहने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में जरूरी दवाइयां, डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बोले मंत्री- आपदा से पहले तैयारी जरूरी
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आपदा आने के बाद राहत पहुंचाने के साथ-साथ पहले से ऐसी तैयारी करना है, जिससे जान-माल का नुकसान कम से कम हो। उन्होंने अधिकारियों को पूरी तत्परता से काम करने का निर्देश दिया।
मंत्री ने राज्य के लोगों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने, तेज हवा और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा आपात स्थिति में प्रशासन को सूचना देने की अपील की।


