-देशभर के 81 नेताओं को मिली सचिव की जिम्मेदारी, अंबा प्रसाद समेत 33 नेताओं को नयी सूची से बाहर किया गया

रांची। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) ने संगठन को मजबूत करने और राज्यों में पार्टी की गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से सचिवों की नयी टीम की घोषणा की है. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की स्वीकृति से जारी इस सूची में देशभर के 81 नेताओं को एआइसीसी सचिव बनाया गया है. पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 19 नवंबर 2026 को इस संबंध में आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है. नयी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी. सभी सचिवों को अलग-अलग राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों से जोड़ा गया है.
झारखंड में पार्टी ने भूपेंद्र मरावी और अविनाश काजला को एआइसीसी सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है. वहीं, बिहार के लिए प्रदीप नरवाल, प्रो. प्रकाश सोनवाने और महबूब पाशा को सचिव बनाया गया है. झारखंड में इन नियुक्तियों को प्रदेश संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. दोनों नेताओं को राज्य में पार्टी के सांगठनिक कार्यों और गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गयी है. हालांकि, विज्ञप्ति में इनके कार्यक्षेत्र से संबंधित अलग-अलग जिम्मेदारियों का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया गया है.
जारी सूची के अनुसार, असम, केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी, उत्तराखंड, गुजरात, कर्नाटक, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख समेत विभिन्न राज्यों में भी सचिवों की नियुक्ति की गयी है. इसके अलावा मध्य प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के लिए भी नयी टीम बनायी गयी है.
पार्टी ने राज्यों की जिम्मेदारियों के अलावा संगठन के महत्वपूर्ण विभागों में भी सचिव नियुक्त किये हैं. कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यालय के लिए प्रणव झा और गौरव पांधी को जिम्मेदारी दी गयी है. वहीं, कम्युनिकेशन, पब्लिसिटी, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया का दायित्व डॉ विनीत पुनिया और रुचिरा चतुर्वेदी को सौंपा गया है. इसके अतिरिक्त प्रशासन, प्रशिक्षण, संदेश और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस व विदेशी मामलों के लिए भी अलग-अलग सचिव नियुक्त किये गये हैं.
अंबा प्रसाद समेत कई पुराने सचिवों की विदाई
नयी सूची में संगठनात्मक बदलाव के तहत कई पुराने सचिवों और संयुक्त सचिवों को हटाया गया है. इनमें झारखंड की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का नाम भी शामिल है. पार्टी ने निवर्तमान पदाधिकारियों के योगदान की सराहना की है. जारी विज्ञप्ति में कुल 33 निवर्तमान पदाधिकारियों के नाम दिये गये हैं. इनमें बीएम संदीप, चेतन चौहान, चिरंजीव राव, देवेंद्र यादव, दिव्या मदेरणा, मंसूर अली खान समेत अन्य नेता शामिल हैं. कांग्रेस ने नयी टीम के जरिये संगठनात्मक जिम्मेदारियों का नये सिरे से बंटवारा किया है.


