-साइकिलिंग के साथ योग, जुंबा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन, विजेताओं को मिलेगा मेडल
रांची. भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के खेल प्रशिक्षण केंद्र रांची की ओर से 29 नवंबर 2026 (रविवार) को फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल के 100वें संस्करण का आयोजन किया जायेगा. कार्यक्रम सुबह छह बजे से 10:30 बजे तक शहीद बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी के गेट नंबर-16 में होगा. इसमें करीब 1500 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है.
इस आयोजन का उद्देश्य आम नागरिकों में स्वास्थ्य, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और साइकिलिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. यह प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम के 117वें संस्करण में सराही गयी पहल का हिस्सा है. इसके माध्यम से लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जायेगा.
कार्यक्रम में साइकिलिंग के साथ योग, जुंबा, मनोरंजक खेल और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित होंगी. प्रतिभागियों को फिटनेस के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए सामूहिक सहभागिता के अवसर दिये जायेंगे. प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को टी-शर्ट, मेडल और अन्य उपहार देकर सम्मानित किया जायेगा.
साई ने खेल प्रेमियों, युवाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है.


