नई दिल्ली/रांची। देश की औद्योगिक प्रगति में झारखंड की खनिज संपदा और उसकी भूमिका को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है। नई दिल्ली में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन के माध्यम से राज्य की खनिज संपदा, खनन क्षेत्र की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को प्रमुखता से पेश किया गया है। खान एवं भूविज्ञान विभाग की ओर से लगाए गए इस पवेलियन में राज्य के प्रमुख खनिजों के साथ खनिज आधारित उद्योगों में रोजगार और औद्योगिक विकास की संभावनाओं को भी दर्शाया गया है।
लौह अयस्क से यूरेनियम तक, झारखंड की खनिज संपदा का प्रदर्शन
झारखंड को देश की ‘मिनरल कैपिटल’ के रूप में पहचान प्राप्त है। इसी पहचान को दर्शाने के लिए पवेलियन में लौह अयस्क, कोयला, अभ्रक, तांबा, यूरेनियम, बॉक्साइट, चूना पत्थर, ग्रेनाइट और विभिन्न प्रकार के पत्थरों का प्रदर्शन किया गया है। विभाग का उद्देश्य राज्य की प्राकृतिक संपदा और देश के औद्योगिक विकास में उसके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाना है।
माइनिंग टूरिज्म की पहल को भी किया जा रहा प्रदर्शित
झारखंड ने खनन क्षेत्र को पर्यटन से जोड़ने की पहल भी शुरू की है। विभाग के अनुसार, झारखंड देश का पहला राज्य है, जिसने माइनिंग टूरिज्म की शुरुआत की है। इसके तहत पर्यटकों को सक्रिय कोयला खदानों का भ्रमण कराया जाता है। इस दौरान पर्यटक खनन की प्रक्रिया, आधुनिक मशीनों के संचालन और देश की अर्थव्यवस्था में खनन क्षेत्र की भूमिका को करीब से समझ सकते हैं।
आधुनिक उद्योगों में खनिजों की अहम भूमिका
पवेलियन में खनिजों के औद्योगिक और तकनीकी महत्व की जानकारी भी दी जा रही है। बॉक्साइट एल्युमिनियम उत्पादन का प्रमुख कच्चा माल है, जिसका इस्तेमाल परिवहन, निर्माण, विद्युत उपकरण और एयरोस्पेस उद्योगों में होता है। वहीं, बेरिलियम का उपयोग उसकी हल्की प्रकृति, मजबूती और ताप प्रतिरोधक क्षमता के कारण रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स और एयरोस्पेस क्षेत्र में किया जाता है।
इसके अलावा लिथियम का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक वाहनों, मोबाइल फोन और ऊर्जा भंडारण प्रणालियों की रिचार्जेबल बैटरियों में होता है। यूरेनियम परमाणु ऊर्जा उत्पादन का प्रमुख ईंधन है। इन खनिजों की उपयोगिता ऊर्जा सुरक्षा, आधारभूत संरचना, विनिर्माण, आधुनिक तकनीक और रक्षा जैसे क्षेत्रों तक फैली हुई है।
निवेश और रोजगार के अवसरों पर जोर
IITF-2026 के माध्यम से झारखंड सरकार राज्य की खनिज संपदा को प्रदर्शित करने के साथ खनिज आधारित उद्योगों में निवेश आकर्षित करने की संभावनाओं को भी सामने रख रही है। इसके साथ ही खनिजों के मूल्य संवर्धन, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास पर जोर दिया जा रहा है। पवेलियन के जरिए राज्य की प्राकृतिक संपदा को उद्योग और आर्थिक विकास से जोड़ने की संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है।


