पलामू। पलामू के ग्रामीण इलाकों में सड़क कनेक्टिविटी बेहतर करने की दिशा में पहल की गई है। रामगढ़ प्रखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएम जनमन) के तहत 22.202 किलोमीटर लंबी चार सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इन योजनाओं पर करीब 18.98 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शनिवार को सांसद विष्णु दयाल राम ने चारों सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।
इन सड़कों के निर्माण से संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है। ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में सहूलियत होगी।
चार सड़कों पर खर्च होंगे करीब 19 करोड़ रुपये
पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत चार सड़क निर्माण कार्यों का विवरण इस प्रकार है-
- नावाडीह सुनगाही से कोरवा टोला, बरवा टोला होते हुए कोरवा टोला तक: 3.562 किलोमीटर सड़क, लागत 302.81 लाख रुपये।
- काचन से तिनकोनिया मेन रोड तक: 6.040 किलोमीटर सड़क, लागत 505.37 लाख रुपये।
- मिशन स्कूल चौक से बेडमा मस्जिद चौक तक: 5.100 किलोमीटर सड़क, लागत 465.70 लाख रुपये।
- इस्लाम नगर मोड़ से धमनवा मेन रोड तक: 7.500 किलोमीटर सड़क, लागत 623.84 लाख रुपये।
चारों योजनाओं की कुल लागत 1,897.72 लाख रुपये यानी करीब 18.98 करोड़ रुपये है।
ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
सड़क निर्माण पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों की मुख्य सड़कों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। स्थानीय लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानी कम होगी और जरूरी कामों के लिए प्रखंड व अन्य क्षेत्रों तक पहुंचना आसान होगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं जिला परिषद सदस्य प्रमोद सिंह, जिला परिषद सदस्य छोटन सिंह, आनंद सिंह, मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह, ईश्वरी प्रसाद, शंभू पासवान, भोला पांडेय, विजय प्रसाद, सांसद के निजी सचिव अलख दुबे, ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता निशचल कुमार, कनीय अभियंता सुहैल अनवर और मनोज चौधरी समेत विभिन्न पंचायतों के मुखिया, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


