बैनर पर तस्वीर होने के कारण मुकदमे में नाम शामिल करने का लगाया आरोप, सांसद के घर तक सड़क निर्माण का किया समर्थन… विस्थापित परिवारों के लिए मांगा उचित मुआवजा
धनबाद/रांची : डुमरी विधायक जयराम महतो शनिवार को धनबाद व्यवहार न्यायालय में पेश हुए। मामला सियालजोरी आंदोलन से जुड़ा है। अदालत में पेशी के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को राजनीतिक साजिश करार दिया। जयराम महतो ने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान वे मौके पर मौजूद तक नहीं थे, लेकिन बैनर पर उनकी तस्वीर होने के कारण उन्हें भी आरोपी बना दिया गया।
क्या था पूरा मामला?
दरअसल , सियालजोरी में रैयतों और स्थानीय लोगों ने अपने अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलन किया था। आंदोलन के दौरान प्रशासन और रैयतों के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। इस केस में डुमरी विधायक जयराम महतो का नाम भी शामिल किया गया।
जयराम महतो का आरोप है कि आंदोलन के दौरान वे घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे। इसके बावजूद आंदोलन से जुड़े बैनर पर उनकी तस्वीर होने के कारण उन्हें मामले में आरोपी बना दिया गया। इसी मामले में उन्हें धनबाद व्यवहार न्यायालय में पेश होना पड़ा। हालांकि, विधायक ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि रैयतों के अधिकारों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।
सांसद को समधी बनने पर दी बधाई
मीडिया से बातचीत के दौरान जयराम महतो ने सांसद के घर तक बन रही सड़क को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सांसद को समधी बनने, उनकी पत्नी को समधीन बनने और उनकी बेटी को नए वैवाहिक जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
सड़क निर्माण पर उन्होंने कहा कि इसका प्रस्ताव वर्ष 2024-25 से ही था। सड़क बनने से उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, क्योंकि इसका लाभ केवल सांसद को ही नहीं, बल्कि आम लोगों और ग्रामीणों को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि सड़क किसी सांसद, विधायक, जज या अधिकारी के घर तक बने, लेकिन उसका इस्तेमाल आम जनता भी करती है।
घर तोड़ने वालों को मिले उचित मुआवजा
हालांकि, जयराम महतो ने सड़क निर्माण के दौरान प्रभावित परिवारों के अधिकारों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि यदि सड़क बनाने के लिए किसी का घर तोड़ा गया है, तो उसे उचित मुआवजा मिलना चाहिए। किसी को उसकी सहमति और उचित मुआवजे के बिना उजाड़ना सही नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सड़क निर्माण के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि प्रभावित परिवारों को उनका उचित अधिकार और मुआवजा दिए जाने के पक्ष में हैं।
फिलहाल, धनबाद कोर्ट में पेशी के दौरान जयराम महतो ने सियालजोरी आंदोलन मामले को राजनीतिक साजिश बताया। वहीं, सड़क विवाद पर उन्होंने विकास का समर्थन करते हुए विस्थापित परिवारों के मुआवजे की मांग उठाई।
Show less


