- शिकायतकर्ता ने फोन-पे भुगतान का स्क्रीनशॉट होने का किया दावा, NMMS पर हाजिरी के बावजूद मास्टर रोल शून्य करने पर मांगी जांच; BPO राम कुमार सिंह ने आरोपों को बताया झूठा।
चतरा: जिले के सदर प्रखंड में मनरेगा की आम बागवानी योजना को लेकर विवाद सामने आया है। योजना में कथित आर्थिक अनियमितता और मास्टर रोल शून्य किए जाने को लेकर शिकायतकर्ता अजय कुमार यादव ने प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (BPO) राम कुमार सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बीपीओ ने फोन-पे के माध्यम से तीन हजार रुपये की मांग की और राशि ली। उन्होंने इस लेन-देन से संबंधित स्क्रीनशॉट होने का भी दावा किया है।
इसके अलावा शिकायतकर्ता ने योजना के मास्टर रोल को शून्य किए जाने पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब मनरेगा मजदूरों की नियमित हाजिरी लग रही थी और NMMS प्रणाली के माध्यम से उपस्थिति भी दर्ज की जा रही थी, तो अचानक मास्टर रोल शून्य कैसे कर दिया गया?
शिकायतकर्ता ने कथित लेन-देन और मास्टर रोल शून्य किए जाने के मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जिला प्रशासन और मनरेगा के वरिष्ठ अधिकारियों से डिजिटल भुगतान के साक्ष्यों और संबंधित सरकारी रिकॉर्ड की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की अपील की है।
वहीं, बीपीओ राम कुमार सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद और झूठा बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी से कोई राशि नहीं ली है। इस संबंध में वह अपना पक्ष और स्पष्टीकरण उच्चाधिकारियों को पहले ही सौंप चुके हैं।
फिलहाल, इस मामले में दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।

