लातेहार। जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत महादेव मंडा के समीप शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा जाने के कारण यह दुर्घटना हुई। मृतकों की पहचान चंदवा थाना क्षेत्र के सुकलकट्ठा गांव निवासी तरुण यादव और कार्तिक उरांव के रूप में की गई है। वहीं, घायल युवक इसी गांव का विजय उरांव बताया जा रहा है।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिसः
जानकारी के अनुसार, सुकलकट्ठा गांव के तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर गुमला गए थे। वहां से घर लौटने के दौरान शनिवार रात महादेव मंडा के पास बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और मोटरसाइकिल सीधे सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की भनक लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे और तत्काल चंदवा पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस के साथ पहुंचकर तीनों को चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तरुण और कार्तिक को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल विजय उरांव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
जिले में नहीं थम रहा सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिलाः
लातेहार जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आंकड़ों पर गौर करें तो केवल नवंबर माह में अब तक विभिन्न दुर्घटनाओं में 12 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। वहीं, वर्ष 2026 में अब तक जिले में सड़क हादसों में मरने वालों की संख्या करीब 120 तक पहुंच गई है। जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा लगातार चलाए जा रहे जागरूकता व वाहन जांच अभियानों के बावजूद हादसों में कमी नहीं आना चिंता का विषय बना हुआ है, जिसमें सर्वाधिक शिकार बाइक सवार हो रहे हैं।


