हैदराबाद। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सोने की तस्करी करने वाले गिरोहों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 5.20 करोड़ रुपये मूल्य का विदेशी सोना जब्त किया है। पहले मामले में कोलकाता से हैदराबाद कार में छिपाकर सोना ले जा रहे दो तस्करों को रंगे हाथ पकड़ा गया।
टेल लैंप के पीछे बना रखा था सीक्रेट कम्पार्टमेंटः
डीआरआई अधिकारियों ने 19 नवंबर को कोलकाता से हैदराबाद आ रही एक किआ सेल्टोस कार को रोका। सघन तलाशी के दौरान कार के टेल लैंप के पीछे विशेष रूप से तैयार किया गया एक गुप्त कम्पार्टमेंट मिला। इसके अंदर भूरे रंग के टेप में लिपटे तीन पैकेटों से 24 कैरेट शुद्धता वाली 25 सोने की छड़ें बरामद हुईं। 2.98 किलोग्राम वजन के इस सोने की बाजार कीमत लगभग 3.83 करोड़ रुपये आंकी गई है। कुछ छड़ों पर विदेशी निशान थे, जबकि कुछ के निशान मिटा दिए गए थे। कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत कार और सोना जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब इस रैकेट के मास्टरमाइंड की तलाश की जा रही है।
शमशाबाद एयरपोर्ट पर वॉलेट से मिले नौ गोल्ड बारः
एक अन्य कार्रवाई में डीआरआई ने शमशाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दुबई से मस्कट होते हुए पहुंचे एक यात्री के ट्रॉली बैग की जांच की। बैग के अंदर एक वॉलेट में छिपाकर रखे गए यूएई मार्का नौ विदेशी गोल्ड बार (1051 ग्राम) बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 1.37 करोड़ रुपये है। वैध दस्तावेज नहीं होने पर सोना जब्त कर यात्री और अराइवल टर्मिनल के बाहर सोना लेने पहुंचे एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

