बोकारो। गोमिया प्रखंड के ललपनिया स्थित पवित्र लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ में रविवार को राजकीय लुगुबुरू घंटाबाड़ी महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। आस्था, परंपरा और आदिवासी संस्कृति के रंगों से सजे महोत्सव में मांदर की थाप, पारंपरिक लोकगीत और आदिवासी नृत्य ने पूरे वातावरण को उत्साह से भर दिया। देश के विभिन्न राज्यों के साथ नेपाल, बांग्लादेश समेत अन्य देशों से भी श्रद्धालु लुगुबाबा की पावन धरती पर पहुंच रहे हैं।
महोत्सव का उद्घाटन उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीसीएलआर पूर्णिमा कुमारी, एसडीएम चास प्रांजल ढांडा, एएसपी चास वेदांत शंकर, आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन, दुर्गा सोरेन सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पहले पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई।
आदिवासी अस्मिता और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि लुगुबाबा की पावन भूमि केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है। झारखंड का गठन विकास, खुशहाली और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ था। उन्होंने देशभर के आदिवासी समुदायों, श्रद्धालुओं और सनातन समाज के लोगों को लुगुबाबा की भूमि पर आने और यहां की आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त करने का आमंत्रण दिया।
उपायुक्त ने बताया कि महोत्सव के आयोजन स्थल को ‘लुगुबाबा ध्यान स्थल’ के रूप में विकसित करने की पहल की गई है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को ध्यान, साधना और आध्यात्मिक चिंतन के लिए विशेष स्थान उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रशासन, पुलिस, आयोजन समिति, चिकित्सक, स्वयंसेवक और विभिन्न विभागों के कर्मी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं में जुटे हैं।
सुरक्षा और सुविधाओं के लिए प्रशासन मुस्तैद
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सकीय टीम, सिविल डिफेंस और अग्निशमन दल तैनात किए गए हैं। महोत्सव स्थल और आवागमन मार्गों पर सहायता केंद्र बनाए गए हैं। किसी श्रद्धालु के चोटिल होने या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल सहायता और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था है। उन्होंने श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने और किसी भी समस्या पर सहायता केंद्र या प्रतिनियुक्त कर्मियों से संपर्क करने की अपील की।
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने कहा कि लुगुबुरू महोत्सव प्रकृति, परंपरा और सामूहिक आस्था का अद्भुत संगम है। लुगु पहाड़ियां, गुफाएं और प्राकृतिक परिवेश आदिवासी समाज की पीढ़ियों से चली आ रही आस्था और सांस्कृतिक स्मृतियों के केंद्र हैं। यहां की परंपराएं प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर रहने और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का संदेश देती हैं।
लोकनृत्य-संगीत और प्रतियोगिताओं के विजेताओं का सम्मान
महोत्सव में स्थानीय कलाकारों और विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में आदिवासी नृत्य, लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मांदर की थाप और लोकगीतों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत खेलकूद, शिक्षा और जेएसएलपीएस सहित विभिन्न विभागों की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मंच संचालन उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार ने किया। अतिथियों का पारंपरिक शॉल और उपहार भेंटकर स्वागत किया गया।
डीसी-एसपी ने टेंट सिटी और सेवा स्टॉलों का किया निरीक्षण
महोत्सव के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा और अन्य वरीय अधिकारियों ने टेंट सिटी सहित विभिन्न सेवा एवं प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के ठहरने, पेयजल, प्रकाश, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले से पहुंचे श्रद्धालु दुब्राज हांसदा से बातचीत कर उनके आगमन, आवासन और उपलब्ध सुविधाओं के अनुभव की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉलों पर प्राथमिक उपचार और चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। इसके अलावा दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन एवं रूपी सोरेन की स्मृति में संचालित खिचड़ी सेवा स्टॉल का भी निरीक्षण किया। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी में योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी ली गई।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षित आवासन, स्वास्थ्य सेवाओं और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए महोत्सव के दौरान व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने की बात कही।


