रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने दिखाई हरी झंडी, 45 दिनों की यात्रा कर शिरडी धाम पहुंचेंगे साई भक्त
रांची: राजधानी रांची से रविवार को श्रद्धा और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। रातू रोड स्थित श्री दुर्गा साई मंदिर से भगवान श्री साई बाबा का भव्य रथ शिरडी धाम के लिए रवाना हुआ। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना के बाद साई रथ को रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने शिरडी के लिए पैदल यात्रा पर निकले साई भक्तों को शुभकामनाएं दीं।
ओम श्री साई सेवा मंडल, रांची के सानिध्य में आयोजित इस यात्रा में पांच साई भक्त करीब 2100 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करेंगे। यात्रा को लगभग 45 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मंडल के अध्यक्ष साई मनीष अग्रवाल ने बताया कि रांची से शिरडी तक निकाली जा रही यह चौथी पदयात्रा है।
कार्यक्रम के दौरान साई बाबा की विशेष पूजा-अर्चना, भोग और आरती की गई। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि मनीष अग्रवाल पिछले चार वर्षों से लगातार इस तरह की सेवा में जुटे हुए हैं। समाज में ऐसे लोग कम मिलते हैं, जो तन, मन और धन से इस प्रकार की धार्मिक सेवा में योगदान देते हैं। इस अवसर पर मंडल की ओर से संजय सेठ का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया और उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
500 किलो से अधिक पीतल से तैयार किया गया साई रथ
इस पदयात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण विशेष रूप से तैयार किया गया भव्य साई रथ है। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में निर्मित इस रथ को बनाने में 500 किलोग्राम से अधिक पीतल का इस्तेमाल किया गया है। रथ का गुंबद और बाहरी सजावट निर्माणाधीन साई मंदिर की तर्ज पर तैयार की गई है। इस पर साई बाबा की विशाल एवं आकर्षक प्रतिमा विराजमान है, जिसके दर्शन यात्रा मार्ग से गुजरने वाले श्रद्धालु भी कर सकेंगे।
कई राज्यों से होकर गुजरेगी पदयात्रा
मंडल के अनुसार, पदयात्री प्रतिदिन लगभग 40 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। यात्रा की समाप्ति 6 जनवरी 2027 को शिरडी साई धाम में प्रस्तावित है।
इस मौके पर सैकड़ों श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया। पदयात्रा में साई मनीष अग्रवाल के नेतृत्व में आलोक पांडेय, संतोष अग्रवाल, सुबोध कुमार, जितेंद्र सिंह, विजेंद्र ठाकुर, सूरज अग्रवाल और मोहित अग्रवाल सहित कई साई भक्त शामिल रहेंगे।
कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, ऐश्वर्या सेठ, मुकेश काबरा, रविंद्र कुमार, रोहित यादव, मनोज कुमार, राम किशोर कुँवर, विकास कुमार, मनोरंजन शर्मा, दिलीप अग्रवाल और दुर्गेश कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मंडल के सचिव मनोज कुमार और मीडिया प्रभारी आलोक अग्रवाल के अनुसार, इस परंपरा की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी। उस समय पहली बार साई बाबा की पालकी के साथ रांची से शिरडी तक पैदल यात्रा निकाली गई थी। भक्तों की आस्था और बाबा के प्रति समर्पण के कारण यह सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार, 22 नवंबर को चौथी बार भव्य साई रथ के साथ पदयात्रा शुरू की गई।


