तीन दिसंबर को बेंगलुरु रवाना होगी राज्य की टीम, 5 से 15 दिसंबर तक आयोजित होगी प्रतियोगिता
रांची। 64वीं राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग एवं स्केटबोर्डिंग चैंपियनशिप के लिए झारखंड की 42 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी गयी है। प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 15 दिसंबर 2026 तक बेंगलुरु (कर्नाटक) में होगा। झारखंड की टीम तीन दिसंबर को रांची से बेंगलुरु के लिए रवाना होगी। टीम में 40 स्पीड स्केटर्स और दो स्केटबोर्डर्स शामिल हैं। इनके साथ चार कोच और टीम मैनेजर भी जायेंगे. इस तरह पूरा दल 46 सदस्यीय होगा।
रोलर स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड के महासचिव सुमित शर्मा ने बताया कि खिलाड़ियों का चयन खेलगांव स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 31 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित 16वीं झारखंड राज्य रोलर स्केटिंग, स्केटबोर्डिंग एवं आर्टिस्टिक चैंपियनशिप में प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में होगा।
सुमित शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी को लेकर खेलगांव स्थित स्केटिंग रिंक में चयनित खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किये जा रहे हैं। खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए तकनीकी और खेल कौशल का अभ्यास कराया जा रहा है। एसोसिएशन को उम्मीद है कि झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेंगे। एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सिंह, उपाध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता, संरक्षक फादर अजित खेस, अभिषेक सिंह राठौर, जितेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।


