देवघर। देवघर में साइबर ठगी का नेटवर्क थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन नए-नए गिरोह का खुलासा हो रहा है और साइबर अपराधी ठगी के नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। खास बात यह है कि कई गिरोह फ्लिपकार्ट, अमेजन और फोनपे जैसी कंपनियों का कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को ठग रहे हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के कारण देवघर अब धीरे-धीरे जामताड़ा का ‘लाइट वर्जन’ बनता नजर आ रहा है।
इसी कड़ी में देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये सभी फ्लिपकार्ट, अमेजन, एयरटेल पेमेंट बैंक और फोनपे का कस्टमर केयर अधिकारी बनकर आम लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाते थे। पुलिस ने इनके पास से 11 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथुन कुमार दास, लालू यादव, मुन्ना दास, निरंजन कुमार दास, विकास यादव, विशाल महरा और कमल किशोर दास के रूप में हुई है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।


