एमजीएम थाना क्षेत्र के वास्तु बिहार में आग लगने से मची अफरा-तफरी, एक बाइक भी आई चपेट में; स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
जमशेदपुर। जमशेदपुर में रविवार देर रात आग लगने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। एमजीएम थाना क्षेत्र के वास्तु बिहार में अचानक तीन वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास खड़े वाहन इसकी चपेट में आ गए। आग की ऊंची लपटें देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, आग की चपेट में आने से दो कारें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि एक बाइक को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। आग तेजी से फैलती देख स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से उसे बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस घटना में दो कारों के पूरी तरह जल जाने से वाहन मालिकों को नुकसान हुआ है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल तीनों वाहनों में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग लगने की वजह स्पष्ट होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।


