सिविल सर्जन ने जिले की सभी रिटेल दवा दुकानों को जारी किया सख्त निर्देश, नियम तोड़ने पर लाइसेंस निलंबित या रद्द करने की चेतावनी
पलामू : पलामू में अब दवा दुकानों की आड़ में क्लिनिक चलाना दवा संचालकों को भारी पड़ सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने इस पर सख्ती दिखाते हुए जिले की सभी रिटेल दवा दुकानों के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। अब दुकानों में डॉक्टर बैठाकर मरीजों का इलाज करने, चिकित्सा परामर्श देने और डॉक्टर की उपलब्धता का प्रचार करने पर रोक रहेगी। यहां तक कि दुकान के बाहर डॉक्टर का बोर्ड, नेम प्लेट या विज्ञापन लगाना भी नियमों के विरुद्ध माना जाएगा।
सिविल सर्जन कार्यालय की ओर से 23 नवंबर 2026 को इस संबंध में अति आवश्यक सूचना जारी की गई है। ज्ञापांक CS/PLM/2026/187 के तहत जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी रिटेल दवा दुकान में बिना वैधानिक पंजीकरण के क्लिनिक संचालित नहीं किया जा सकता। दुकानों में चिकित्सक को बैठाकर मरीजों को परामर्श देना या उनका उपचार करना झारखंड नैदानिक स्थापना अधिनियम, 2012 और संबंधित नियमों का उल्लंघन है।
दवा दुकानों के बाहर डॉक्टर का बोर्ड लगाना भी प्रतिबंधित
स्वास्थ्य विभाग ने केवल दुकानों के भीतर क्लिनिक चलाने पर ही रोक नहीं लगाई है, बल्कि डॉक्टर की उपलब्धता का प्रचार करने पर भी सख्ती दिखाई है। आदेश के मुताबिक, दवा दुकानों के बाहर चिकित्सक का नाम, नेम प्लेट, साइनबोर्ड या डॉक्टर उपलब्ध होने से संबंधित किसी तरह का विज्ञापन नहीं लगाया जा सकता।
सिविल सर्जन ने ऐसे सभी दवा दुकान संचालकों को तत्काल क्लिनिक बंद करने और डॉक्टर से संबंधित बोर्ड व नेम प्लेट हटाने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य दवा दुकानों की आड़ में अवैध रूप से चिकित्सा केंद्र संचालित होने पर रोक लगाना है।
नियम तोड़ने पर रद्द हो सकता है दवा दुकान का लाइसेंस
सिविल सर्जन ने आदेश में साफ चेतावनी दी है कि निर्देशों का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दवा दुकान का लाइसेंस निलंबित या रद्द किया जा सकता है। इसके अलावा दोषी संचालकों पर दंडात्मक कार्रवाई भी होगी।
जिले के सभी रिटेल दवा दुकान संचालकों को तत्काल प्रभाव से इन निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में यदि किसी दुकान में नियमों के विपरीत क्लिनिक संचालन या डॉक्टर के प्रचार से जुड़ी गतिविधियां पाई जाती हैं, तो संबंधित संचालक के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


