-सैकड़ों एकड़ में तैयार फसल पानी में डूबी, कर्ज चुकाने और बेटी की शादी की चिंता; आपदा प्रबंधन मंत्री ने दिया उचित मुआवजे का भरोसा
रांची। ओड़िशा के गोपालपुर के पास चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ के लैंडफॉल के बाद झारखंड में हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने अन्नदाताओं की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। 20 नवंबर को आए इस तूफान के असर से राज्य के विभिन्न हिस्सों में सैकड़ों एकड़ में लगी धान की तैयार फसल खेतों में ही गिरकर बर्बाद हो गई है। वहीं, जिन किसानों ने फसल काटकर खलिहान में रखी थी, वह भी लगातार भीगने के कारण सड़ने की कगार पर पहुंच गई है। खेतों में घुटनों तक पानी भर जाने से किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
इस प्राकृतिक आपदा ने सबसे ज्यादा उन किसानों को झकझोरा है, जिन्होंने साहूकारों या बैंकों से कर्ज लेकर खेती की थी। किसानों को उम्मीद थी कि अच्छी पैदावार बेचकर वे न केवल अपना कर्ज चुकाएंगे, बल्कि परिवार की अन्य जिम्मेदारियों को भी पूरा करेंगे। किसान खूबलाल मंडल ने बताया कि उन्होंने पांच एकड़ भूमि पर धान की खेती की थी, जिसमें बीज, खाद, जुताई और रोपाई पर करीब 60 से 70 हजार रुपये की लागत आई थी। इस फसल की आमदनी से उन्हें अपनी बेटी की शादी करनी थी और कर्ज भी उतारना था। लेकिन कटाई शुरू होते ही आई बारिश ने सब कुछ तबाह कर दिया।
इसी तरह बुद्धूडीह गांव के किसान सफाउल अंसारी की करीब तीन एकड़ धान की फसल पूरी तरह चौपट हो गई है। उन्होंने सरकार से तत्काल आर्थिक सहायता की गुहार लगाते हुए कहा कि यदि समय पर मुआवजा नहीं मिला, तो अगले साल खेती करना असंभव हो जाएगा। वहीं, सोनबाद गांव के उत्तम बावरी की धान के साथ-साथ सब्जियों की फसल भी नष्ट हो गई है, जिससे उनके परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है।
सरकार ने दिया आकलन और मुआवजे का आश्वासनः
किसानों की इस बदहाली पर राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने तूफान आने से तीन दिन पूर्व ही किसानों को अलर्ट जारी कर दिया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी जिलों के उपायुक्तों और कृषि पदाधिकारियों को फसल क्षति का त्वरित आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार सर्वे पूरा होते ही प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा प्रदान करेगी।


