-पुणे में रिश्तों का खौफनाक अंत! रात तीन बजे हुआ विवाद, सुबह प्रेमी ने खुद बुलवाई एंबुलेंस; सॉफ्टवेयर इंजीनियर हिरासत में
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे स्थित आईटी हब हिंजवड़ी में प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत हुआ। यहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर अपनी प्रेमिका की हत्या करने का आरोप लगा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात के बाद आरोपी रातभर प्रेमिका के शव के पास बैठा रहा और सुबह खुद पुलिस को फोन कर एंबुलेंस बुलाने की सूचना दी। मृतका की पहचान वर्धा जिले की रहने वाली कोमल दहाले के रूप में हुई है, जबकि आरोपी शुभम कालबांडे बुलढाणा जिले का निवासी बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच पिछले कुछ महीनों से किसी बात को लेकर लगातार विवाद हो रहा था। रविवार रात दोनों एक होटल में खाना खाने गए थे। वहां से लौटने के बाद वे हिंजवड़ी थाना क्षेत्र के सखारे वस्ती स्थित पीजी पहुंचे। रात करीब 12:30 बजे दोनों के बीच फिर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और रात करीब तीन बजे हिंसक हो गया। आरोप है कि गुस्से में शुभम ने कोमल के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान उसकी मौत हो गई।
सुबह खुद किया पुलिस को फोनः
वारदात के बाद आरोपी पूरी रात शव के पास बैठा रहा। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे उसने खुद पुलिस को फोन कर एंबुलेंस भेजने की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान आरोपी की संलिप्तता सामने आने पर उसे हिरासत में ले लिया गया। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


