गुमला। झारखंड के गुमला जिले में सोमवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पालकोट रोड पर कार्तिक उरांव कॉलेज के समीप कार को बचाने के प्रयास में एक ट्रक अनियंत्रित होकर 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रक में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के रक्सौली थाना क्षेत्र के नावली लालपुर निवासी 35 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई है।
राउरकेला से छड़ लेकर जा रहा था ट्रक:
जानकारी के अनुसार, ट्रक राउरकेला से छड़ लोड कर अलीगढ़ जा रहा था। इसी दौरान पालकोट रोड पर सामने आई कार को बचाने की कोशिश में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। ट्रक सड़क किनारे लगे 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल से जा टकराया। टक्कर होते ही ट्रक में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया।
सूचना मिलने तक जल चुका था पूरा ट्रक:
पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक चालक ने घटना की सूचना गुमला थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था। आग बुझने के बाद चालक के केवल अवशेष मिले।


