मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी जिलों के निर्वाचन पदाधिकारियों को किया सतर्क, फर्जी दस्तावेज देने और उपलब्ध कराने में मदद करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
झारखंड : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के मामले सामने आ रहे हैं। रांची, पलामू और गढ़वा के बाद अब पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में भी सुपर चेकिंग के दौरान फर्जी जन्म प्रमाणपत्र पकड़ा गया है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए निर्वाचन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रविकुमार ने सभी जिलों के निर्वाचन पदाधिकारियों को सतर्क रहने और फर्जी दस्तावेजों के मामलों में कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
फर्जी दस्तावेज देने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रविकुमार ने सोमवार को निर्वाचन सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR की सुनवाई में आवेदकों की नागरिकता और मतदाता बनने की पात्रता का नियमानुसार सत्यापन किया जाए।
उन्होंने कहा कि फर्जी प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने वालों के साथ-साथ ऐसे दस्तावेज तैयार कराने या उपलब्ध कराने में सहयोग करने वाले लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में सामने आए मामले को लेकर जिला निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
माता-पिता का EPIC नंबर दर्ज नहीं करने पर जताई नाराजगी
समीक्षा बैठक में के रविकुमार ने एक और महत्वपूर्ण कमी की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने पाया कि कई आवेदनों में माता-पिता का नाम और उनकी EPIC संख्या उपलब्ध होने के बावजूद इसे गणना प्रपत्र और आदेश पत्रक में दर्ज नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने निर्देश दिया कि ECI-Net पर उपलब्ध EPIC नंबर का सत्यापन कर उसे अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही पूर्व के SIR में मतदाता सूची में पंजीकृत माता-पिता का विवरण भी आवेदक से लिंक किया जाए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) को प्रत्येक मामले में स्पीकिंग ऑर्डर पारित करना अनिवार्य होगा।


