डीएवी, सरला बिरला और जेवीएम श्यामली समेत कई स्कूलों ने शुरू की प्रक्रिया, कहीं अंकों के आधार पर दाखिला तो कहीं होगी प्रवेश परीक्षा
दसवीं बोर्ड परीक्षा में अभी करीब तीन महीने का समय बाकी है, लेकिन रांची के निजी स्कूलों में 11वीं कक्षा में दाखिले की तैयारी शुरू हो गई है। सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध स्कूलों ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया, अनंतिम पंजीकरण और प्रवेश परीक्षा की तैयारी तेज कर दी है। कई स्कूलों ने अलग-अलग संकायों के लिए पात्रता मानदंड और कटऑफ भी तय करने शुरू कर दिए हैं।
स्कूलों की ओर से विद्यार्थियों को अभी से अपनी पसंद के संकाय के अनुसार तैयारी करने की सलाह दी जा रही है। आईसीएसई की दसवीं बोर्ड परीक्षा 15 फरवरी से 31 मार्च 2027 तक आयोजित होगी। वहीं, सीबीएसई की दसवीं बोर्ड परीक्षा 16 फरवरी से नौ मार्च 2027 तक निर्धारित है। हालांकि, बोर्ड परीक्षाओं में अभी समय है, लेकिन स्कूलों ने दाखिले की प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी है, ताकि नए सत्र से पहले नामांकन की औपचारिकताएं पूरी की जा सकें।
बोर्ड परीक्षा के अंकों से तय होगी दाखिले की पात्रता, छात्रवृत्ति का भी लाभ
डीएवी नीरजा सहाय में दसवीं की अर्धवार्षिक और प्री-बोर्ड परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर अनंतिम पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। स्कूल में पहले से पढ़ रहे विद्यार्थियों और दूसरे स्कूलों से आने वाले छात्रों के लिए संकायवार दाखिले के अलग-अलग मानदंड निर्धारित किए गए हैं।
वहीं, सरला बिरला पब्लिक स्कूल में भी 11वीं में नामांकन के लिए विषयवार पात्रता तय की गई है। यहां अच्छे अंक लाने वाले विद्यार्थियों को ट्यूशन फीस में विशेष छूट देने का प्रावधान है। 85 से 89 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 25 प्रतिशत की छूट मिलेगी, जबकि 97 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों की पूरी ट्यूशन फीस माफ की जाएगी। इसके अलावा खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत तक की रियायत दी जाएगी। छात्राओं को कटऑफ में भी विशेष छूट मिलेगी।
अगले सप्ताह से कई स्कूलों में मिलेंगे आवेदन फॉर्म
रांची के कई अन्य निजी स्कूलों में भी 11वीं में दाखिले की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। मेटास एडवेंटिस्ट स्कूल में मेधा और प्रवेश परीक्षा के अंकों के आधार पर अनंतिम पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। वहीं, बिशप वेस्टकाट ब्वायज स्कूल, नामकुम में अगले सप्ताह से आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे। ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल भी अगले सप्ताह 11वीं कक्षा के लिए आवेदन फॉर्म जारी करेगा। डीएवी पब्लिक स्कूल, हेहल ने भी नए शैक्षणिक सत्र के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
जेवीएम श्यामली में 11वीं में नामांकन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यहां 17 जनवरी को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। स्कूल प्रबंधन ने अलग-अलग संकायों में दाखिले के लिए पात्रता मानदंड निर्धारित किए हैं। इसके साथ ही मेधावी विद्यार्थियों के लिए सीमित सीटों पर सीधे नामांकन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।


