रनिया के सोदे गांव में हादसे के बाद भाग रहे ट्रक को ग्रामीणों ने पकड़ा, लौट रही पुलिस टीम को घेरकर की धक्का-मुक्की
खूंटी। जिले के रनिया प्रखंड के सोदे गांव में सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। ट्रक की चपेट में आने से यशवंत नामक युवक की मौत हुई थी। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने पीछा कर बानो थाना क्षेत्र के लताकेल गांव के पास ट्रक को पकड़ लिया।
हादसे की जानकारी मिलने पर रनिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। बानो पुलिस की मदद से ट्रक को जब्त कर बानो थाना ले जाया गया, जहां उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसके बाद रनिया पुलिस की टीम वापस लौट रही थी।
इसी दौरान दुर्घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों का गुस्सा पुलिस टीम पर फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और पुलिस पदाधिकारियों व जवानों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। अचानक बिगड़े हालात के बीच पुलिसकर्मियों को अपना वाहन छोड़कर वहां से निकलना पड़ा।
हंगामे के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस वाहन के शीशे भी तोड़ दिए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।


