-अंडर-16 मामले में जांच के बावजूद कार्रवाई नहीं होने और वित्तीय अनियमितताओं का लगाया आरोप, JSCA से हस्तक्षेप की मांग
रांची। कोडरमा जिला क्रिकेट एसोसिएशन (KDCA) के कथित मनमाने रवैये और अनियमितताओं के खिलाफ जिले के पूर्व क्रिकेटरों और विभिन्न क्रिकेट क्लबों के पदाधिकारियों ने मोर्चा खोल दिया है। अपनी मांगों को लेकर आंदोलनकारियों ने सोमवार से रांची के खुटे ग्राउंड में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है। भूख हड़ताल दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। आंदोलनकारियों ने झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है। आंदोलनकारियों का आरोप है कि KDCA में लंबे समय से मनमाने तरीके से कामकाज किया जा रहा है। अंडर-16 क्रिकेट से जुड़े मामले में जांच के दौरान कथित गड़बड़ियां सामने आने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी है। इससे खिलाड़ियों और क्रिकेट से जुड़े लोगों में नाराजगी है। खिलाड़ियों का कहना है कि जांच के बाद भी कार्रवाई नहीं होना एसोसिएशन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। खिलाड़ियों ने KDCA पर वित्तीय अनियमितताओं के भी आरोप लगाये गये हैं।
मामलों की निष्पक्ष जांच होः
आंदोलनकारियों का कहना है कि इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने JSCA से मामले को गंभीरता से लेते हुए पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। खिलाड़ियों ने अपने हाथों में तख्तियों लिये हुए हैं, जिसमें केडीसीए सचिव व अध्यक्ष इस्तीफा दो, केडीसीए फर्जी वोटर लिस्ट हटाओ, नियम का पालन करने वाले क्लबों को वोट का अधिकार दो, बायीलॉज का धज्जियां उड़ाना बंद करो आदि लिखा हुआ था। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन काफी संख्या में खिलाड़ी शामिल हैं।


