इटकी के सेमरा गांव के पास सड़क किनारे खड़ी एंबुलेंस की सुध लेने वाला कोई नहीं, किस अस्पताल की है गाड़ी इसकी भी जानकारी नहीं
इटकी (रांची)। रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी एक लापरवाही का मामला सामने आया है। इटकी थाना क्षेत्र के सेमरा गांव के समीप पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से 108 एंबुलेंस लावारिस हालत में सड़क किनारे खड़ी है। एंबुलेंस का नंबर जेएच-01-सीएच 6773 है। हैरानी की बात यह है कि इतने दिनों बाद भी एंबुलेंस को वहां से हटाने या उसकी सुध लेने कोई नहीं पहुंचा है।
ग्रामीणों के अनुसार, बीते 13 नवंबर को यह एंबुलेंस बेड़ो से रांची की ओर जा रही थी। इसी दौरान सेमरा गांव के पास अचानक उसका अगला टायर फट गया। टायर फटने के बाद चालक ने एंबुलेंस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और वहां से चला गया। ग्रामीणों का कहना है कि इसके बाद से एंबुलेंस उसी स्थान पर खड़ी है।
एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद एंबुलेंस की स्थिति जस की तस बनी हुई है। स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि आखिर यह एंबुलेंस किस अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र की है और इसे इस तरह लावारिस हालत में क्यों छोड़ दिया गया है। फिलहाल एंबुलेंस के अस्पताल और संबंधित विभाग की जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मुख्य सवाल यह है कि मरीजों को आपातकालीन सेवा देने वाली 108 एंबुलेंस खुद एक सप्ताह से सड़क किनारे लावारिस क्यों खड़ी है? संबंधित विभाग की ओर से अब तक इसकी सुध क्यों नहीं ली गई?


