बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत भंडरिया, जोराग, डुमरडिह और करमटोली में चला जागरूकता अभियान; 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील
गुमला। समाज से बाल विवाह जैसी कुरीति को समाप्त करने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से गुमला जिले के चार गांवों में जागरूकता अभियान चलाया गया। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत रविवार को भंडरिया, जोराग, डुमरडिह और करमटोली गांव में जागरूकता रैली निकाली गयी। इसमें महिलाओं, किशोर-किशोरियों, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, सहिया, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रैली के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह के सामाजिक, शारीरिक और मानसिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गयी। साथ ही लोगों को बाल विवाह रोकने के लिए जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
नारों के साथ ग्रामीणों ने दिया बाल विवाह रोकने का संदेश
लोहरदगा ग्राम स्वराज्य संस्थान (एलजीएसएस) और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में ग्रामीणों ने बाल विवाह के खिलाफ आवाज बुलंद की। रैली के दौरान ‘हम सबका है संदेश, बाल विवाह मुक्त हो देश’, ‘हम बच्चों ने ठानी है, बाल विवाह मिटाना है’ और ‘हम सबका एक विचार, बाल विवाह मुक्त परिवार’ जैसे नारों के जरिए लोगों को जागरूक किया गया। गांव की गलियों में निकली रैली के माध्यम से कम उम्र में बच्चों की शादी कराने की प्रथा को समाप्त करने की अपील की गयी।
बाल विवाह कराने पर दो साल की सजा और एक लाख रुपये जुर्माना
इस अवसर पर जिला समन्वयक मिथिलेश कुमार ने ग्रामीणों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत में शादी के लिए लड़कियों की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और लड़कों की 21 वर्ष निर्धारित है। निर्धारित उम्र से पहले विवाह कराना कानूनन अपराध है। इसके लिए दोषी व्यक्ति को दो साल तक की सजा और एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य और उनके अधिकारों को प्रभावित करता है। इसे रोकने के लिए केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाले बाल विवाह की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं।
बाल विवाह की जानकारी मिलने पर 1098 पर करें फोन
अभियान के समापन पर सभी ग्रामीणों ने सामूहिक शपथ ली कि वे अपने गांव में बाल विवाह नहीं होने देंगे और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आएंगे। साथ ही कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर सूचना देने का संकल्प लिया।
इस जागरूकता अभियान को सफल बनाने में एलजीएसएस गुमला की टीम, पीएलवी टीम, महिला समूहों और स्थानीय ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


