धनबाद: मिथिलांचल के महान कवि और साहित्यकार महाकवि विद्यापति की पुण्यतिथि पर सोमवार को धनबाद में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यापति समिति के सदस्यों ने लुबी सर्कुलर रोड स्थित कला भवन के सामने स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम को विद्यापति स्मृति दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने महाकवि विद्यापति के साहित्यिक योगदान को याद किया और उनकी रचनाओं, विचारों तथा सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
विद्यापति समिति के अध्यक्ष शिवकांत मिश्रा ने कहा कि महाकवि विद्यापति की पुण्यतिथि को समाज के लोग स्मृति पर्व के रूप में मनाते हैं। जिस दिन उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कहा था, उस दिन को उनके साहित्यिक योगदान और स्मृतियों को याद करने के लिए समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी समिति के सदस्यों ने एकजुट होकर महाकवि को श्रद्धांजलि दी।महाकवि विद्यापति की रचनाएं आज भी मैथिली भाषा, साहित्य और संस्कृति की पहचान बनी हुई हैं। उनकी साहित्यिक विरासत केवल मिथिलांचल तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय साहित्य और संस्कृति की महत्वपूर्ण धरोहर है। धनबाद में आयोजित यह कार्यक्रम महाकवि के योगदान को याद करने और उनकी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश देता नजर आया।


