रांची: राजधानी रांची को फैटी लीवर मुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। दरभंगा हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दो विशेष एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन एंबुलेंस के माध्यम से लोगों को फैटी लीवर की बीमारी के प्रति जागरूक करने के साथ स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ मौजूद रहे। इसके अलावा फैटी लीवर विशेषज्ञ डॉ. शिव शरण, विधायक सीपी सिंह, विधायक नवीन जायसवाल और महापौर रोशनी खलखो भी शामिल हुए। अभियान में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और पुरुषों ने भागीदारी की।
इस अभियान के तहत लोगों को फैटी लीवर के कारणों, इसके दुष्प्रभावों और बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही बेहतर खानपान, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। विशेष एंबुलेंस के जरिए लोगों को बीमारी की जांच और जरूरी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने की पहल की गई है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि रांची के लोगों के लिए यह सौभाग्य की बात है कि फैटी लीवर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए यहां विशेष अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने देश के प्रख्यात लिवर विशेषज्ञ को रांची आमंत्रित किया। डॉक्टर की ओर से दी गई जानकारियां बेहद महत्वपूर्ण हैं। जरूरत है कि लोग इन सुझावों को समझें और अपने जीवन में अपनाएं, ताकि स्वस्थ रह सकें।
वहीं, विशेषज्ञ डॉ. शिव शरण ने रांची से फैटी लीवर के खिलाफ एक नए स्वास्थ्य मॉडल की शुरुआत करने की बात कही। उन्होंने उम्मीद जताई कि रांची का यह मॉडल पूरे झारखंड के लिए प्रेरणा बन सकता है।
मोरहाबादी स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों से मिले केंद्रीय मंत्री और संजय सेठ
स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के कार्यक्रम के sath केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम भी पहुंचे। यहां उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनसे बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया। दोनों मंत्रियों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
फैटी लीवर के खिलाफ जागरूकता अभियान और खिलाड़ियों से मुलाकात के जरिए कार्यक्रम में स्वास्थ्य और खेल, दोनों को स्वस्थ समाज के महत्वपूर्ण आधार के रूप में रेखांकित किया गया।


