-1 जुलाई 2026 के प्रभाव से मिलेगा बढ़ा हुआ डीए, वित्त विभाग ने जारी किया संकल्प, कैबिनेट से मिल चुकी है मंजूरी
रांची। झारखंड सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ता (डीए) में तीन प्रतिशत की वृद्धि की है। अब राज्यकर्मियों को 60 प्रतिशत के बजाय 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। वित्त विभाग ने इस संबंध में गुरुवार को संकल्प जारी कर दिया है। बढ़ी हुई दर एक जुलाई 2026 के प्रभाव से लागू होगी। वित्त विभाग के संकल्प के अनुसार, केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए सातवें केंद्रीय वेतन पुनरीक्षण के तहत एक जुलाई 2026 से महंगाई भत्ते की दर 60 से बढ़ाकर 63 प्रतिशत की है। इसी के अनुरूप झारखंड सरकार ने भी राज्यकर्मियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि का निर्णय लिया है।
यह लाभ उन राज्य सरकारी सेवकों को मिलेगा, जिनका वेतनमान एक जनवरी 2016 के प्रभाव से सातवें वेतन पुनरीक्षण के तहत संशोधित किया गया है। संकल्प में स्पष्ट किया गया है कि झारखंड सेवा संहिता के नियम-34(ए) के अनुसार महंगाई भत्ता मूल वेतन पर देय होगा। हालांकि, विशेष वेतन और व्यक्तिगत वेतन आदि पर इसका लाभ नहीं मिलेगा। गौरतलब है कि इस प्रस्ताव को 18 नवंबर 2026 को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में स्वीकृति दी गयी थी।


