रांची: वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तभी पूरा हो सकता है, जब देश का युवा शिक्षित, जागरूक और नशे से मुक्त हो। इसी संदेश के साथ संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को राजधानी रांची में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में ‘मेरा युवा भारत’ झारखंड की राज्य निदेशक ललिता कुमारी, यूथ आइकॉन आयशा फातिमा, पद्मश्री मधु मंसूरी हंसमुख और रांची विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान संविधान के मूल्यों, युवाओं की भूमिका और नशामुक्त भारत के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
नशामुक्त युवा ही गढ़ सकता है विकसित समाज : ललिता कुमारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ‘मेरा युवा भारत’ झारखंड की राज्य निदेशक ललिता कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का सपना देखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर नशामुक्त विकसित भारत विषय पर संवाद आयोजित किया गया है। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज के विकास में अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही एक बेहतर समाज के निर्माण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकता है।
नशामुक्त भारत बनाना हम सबकी जिम्मेदारी : आयशा फातिमा
वहीं यूथ आइकॉन आयशा फातिमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के हर वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि देश नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी तरह भारत को नशामुक्त बनाना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री द्वारा बताए गए पंच प्रण और 11 संकल्पों को पूरा करने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत है।
आयशा फातिमा ने कहा कि देश की बड़ी आबादी गरीबी रेखा से ऊपर आई है और महिलाएं लगातार सशक्त हो रही हैं। संविधान दिवस के अवसर पर इन सभी महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं के बीच गंभीर चर्चा हो रही है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को संविधान के मूल्यों को समझने, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।


