तेज रफ्तार के कारण चालक ने खोया वाहन पर नियंत्रण, गश्ती पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती

पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले में गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर मालीपाड़ा पुल से नीचे जा गिरी। इस दुर्घटना में वाहन में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में स्कॉर्पियो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो (JH 16J 0777) में तीन लोग सवार होकर जा रहे थे। बताया जाता है कि तीनों साहिबगंज जिले के कोटालपोखर क्षेत्र के रहने वाले हैं। इसी दौरान मालीपाड़ा पुल के पास तेज रफ्तार वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो पुल से नीचे जा गिरी।
गश्ती पुलिस ने शुरू किया राहत-बचाव कार्य
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच वहां से गुजर रही मुफ्फसिल थाना की गश्ती पुलिस की नजर दुर्घटनाग्रस्त वाहन पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और स्कॉर्पियो में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला।
सोनाजोड़ी सदर अस्पताल में घायलों का इलाज
पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सोनाजोड़ी सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की पहचान कंचन घोष, प्रमोद कुमार शाह और अजीत कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस की तत्परता से दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका। फिलहाल तीनों का उपचार किया जा रहा है।


