उलीडीह की चूना शाह कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई वारदात, घर में ताला लगाकर बेटी के साथ खरीदारी करने गई थी मकान मालिक की पत्नी; पुलिस फुटेज के आधार पर जांच में जुटी

जमशेदपुर: शहर के उलीडीह थाना क्षेत्र में चोरों ने दिनदहाड़े एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चूना शाह कॉलोनी स्थित मकान से चोर करीब 12 से 13 लाख रुपये के सोने के गहने और 18 से 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के दौरान बुर्का पहने एक संदिग्ध के मकान में प्रवेश करने की तस्वीर सीसीटीवी फुटेज में सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, मकान मालिक नौशाद हुसैन की पत्नी जीनत अपनी बेटी के साथ खरीदारी करने ओल्ड पुरुलिया रोड गई थीं। घर में ताला लगा हुआ था। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मकान में दाखिल हुआ। बताया जा रहा है कि संदिग्ध शाम करीब चार बजे या उससे पहले घर में घुसा था। उसने घर की दोनों अलमारियों को खंगालकर जेवरात और नकदी चोरी कर ली।
देर रात जब जीनत अपनी बेटी के साथ घर लौटीं, तो अंदर का सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। जांच करने पर दोनों अलमारियों से सोने के गहने और नकदी गायब मिले। हैरानी की बात यह रही कि चोर घर में रखा एक मोबाइल फोन छोड़ गया।
पीड़िता के अनुसार, उनकी अलमारी से करीब 7 से 8 लाख रुपये के जेवरात चोरी हुए हैं। इनमें सोने का हार, झुमके, मांग टीका, अंगूठियां और चेन-लॉकेट शामिल हैं। वहीं, उनकी बेटी के लगभग 6 लाख रुपये के सोने के गहने भी चोरी कर लिए गए। इसके अलावा चोर 18 से 20 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गया।
घटना की सूचना मिलने पर उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध की पहचान की जा सके। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए जेवरात की बरामदगी की मांग की है।


