नई दिल्ली। मिस्र की राजधानी काहिरा में 9 से 12 दिसंबर तक आयोजित होने वाले पहले FIH यूथ हॉकी 5s विश्व कप 2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इस टूर्नामेंट में भारत की पुरुष और महिला दोनों युवा टीमें दुनियाभर की उभरती हॉकी प्रतिभाओं के खिलाफ अपनी चुनौती पेश करेंगी।

एशियाई चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन से मिला टिकटः
भारत ने इस साल जुलाई में ओमान के मस्कट में आयोजित यूथ हॉकी 5s एशियाई चैंपियनशिप में दमदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया था। भारतीय युवा पुरुष टीम ने स्वर्ण पदक (गोल्ड) जीतकर विश्व कप में जगह पक्की की थी, जबकि महिला टीम ने रजत पदक (सिल्वर) हासिल कर इस वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया।
पूल और नॉकआउट का समीकरणः
पुरुष वर्ग:
भारतीय पुरुष टीम को पूल-बी में बांग्लादेश, स्विट्जरलैंड और चिली के साथ रखा गया है। महाद्वीपीय चैंपियन बनने की लय को बरकरार रखते हुए भारतीय टीम पहले विश्व कप में मजबूत छाप छोड़ने के इरादे से उतरेगी।
महिला वर्ग:
भारतीय महिला टीम को पूल-ए में मेजबान मिस्र, ब्राजील और कजाकिस्तान के साथ रखा गया है। मस्कट में रजत पदक जीतने के बाद महिला टीम वैश्विक मंच पर पदक की दावेदारी पेश करने के लिए उत्साहित है। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले 11 दिसंबर को खेले जाएंगे, जबकि 12 दिसंबर को पदक के मुकाबले होंगे, जहां पहले यूथ हॉकी 5s विश्व चैंपियन का ताज सजाया जाएगा। हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने दोनों टीमों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पहले एफआईएच यूथ हॉकी विश्व कप में खेलना हमारी दोनों टीमोंं के लिए एक बड़ी उपलब्धि है. मस्कट में उनके प्रदर्शन ने उनकी क्षमता और दृढ़संकल्प को दिखाया है.
भारत के पूल चरण के मुकाबले (भारतीय समयानुसार)ः
महिला वर्ग (पूल-ए):
9 दिसंबर: भारत बनाम ब्राजील – दोपहर 12:00 बजे
9 दिसंबर: भारत बनाम मिस्र – रात 11:20 बजे
10 दिसंबर: भारत बनाम कजाकिस्तान – शाम 4:00 बजे
पुरुष वर्ग (पूल-बी):
9 दिसंबर: भारत बनाम बांग्लादेश – शाम 4:00 बजे
10 दिसंबर: भारत बनाम स्विट्जरलैंड – दोपहर 12:40 बजे
10 दिसंबर: भारत बनाम चिली – रात 8:00 बजे


