महापौर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में हुई आपात बैठक में राजस्व वसूली तेज करने का निर्णय, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की भी तय होगी जवाबदेही।

रांची: रांची नगर निगम ने अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने और राजस्व वसूली में तेजी लाने की तैयारी शुरू कर दी है। बार-बार नोटिस और चेतावनी के बावजूद बकाया टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व वसूली में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शुक्रवार को महापौर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में निगम परिषद की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम की आय के विभिन्न स्रोतों की समीक्षा की गई। इस दौरान होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, विज्ञापन शुल्क, बाजार और दुकानों का किराया, जल कर, पार्किंग शुल्क तथा यूजर चार्ज से होने वाली आमदनी पर चर्चा हुई।
बैठक में चालू वित्तीय वर्ष के राजस्व संग्रहण की स्थिति का आकलन करते हुए निर्धारित लक्ष्य और वास्तविक वसूली के बीच के अंतर पर भी चर्चा की गई। महापौर ने अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने और इसके लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
राजस्व वसूली में लापरवाही पर अधिकारियों पर भी कार्रवाई
महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए आंतरिक राजस्व के स्रोतों का बेहतर इस्तेमाल जरूरी है। सभी संबंधित शाखाएं निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि बार-बार नोटिस देने के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं, राजस्व संग्रहण में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों और कर्मचारियों की भी जवाबदेही तय की जाएगी। काम में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। बैठक में राजस्व वसूली की नियमित निगरानी और उसकी प्रगति की समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया।
इस बैठक में उप महापौर नीरज कुमार, वार्ड पार्षद, नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त सहित निगम की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पार्षदों ने भी निगम की आय बढ़ाने और राजस्व नुकसान रोकने के लिए अपने सुझाव दिए।


