दुमका के चांदपुर गांव के 15 वर्षीय एथलीट ने 10.10 सेकेंड में पूरी की रेस, राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में झारखंड को दिलाया पहला स्वर्ण पदक; अब ओलंपिक में देश के लिए पदक जीतने का सपना।

रांची। झारखंड के छोटे से गांव से निकलकर एक युवा खिलाड़ी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड स्थित चांदपुर गांव के 15 वर्षीय एथलीट एमानुएल किस्कू ने 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 80 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। किसान पिता के बेटे एमानुएल की इस उपलब्धि ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे झारखंड और संताल परगना को गौरवान्वित किया है।
10.10 सेकेंड में तोड़ा राष्ट्रीय रिकॉर्ड
तमिलनाडु के चेन्नई में 23 से 27 अक्टूबर तक आयोजित 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में एमानुएल ने अपनी रफ्तार से सबको प्रभावित किया। प्रतियोगिता के हिट मुकाबले में उन्होंने 10.17 सेकेंड का समय निकालकर बिहार के रोहित राज का राष्ट्रीय रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। रोहित ने 2025 में भुवनेश्वर में आयोजित 40वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10.28 सेकेंड का रिकॉर्ड बनाया था।
इसके बाद फाइनल मुकाबले में एमानुएल ने अपना प्रदर्शन और बेहतर करते हुए 10.10 सेकेंड में रेस पूरी की और स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ उन्होंने झारखंड को प्रतियोगिता का पहला गोल्ड मेडल दिलाया।
फुटबॉल खेलने से शुरू हुआ एथलेटिक्स का सफर
एमानुएल की खेल यात्रा किसी बड़े खेल संस्थान से नहीं, बल्कि गांव में बच्चों के साथ फुटबॉल खेलने से शुरू हुई थी। करीब 11 साल की उम्र में उनके बड़े पापा और पूर्व मुखिया जैकब किस्कू ने उनकी खेल प्रतिभा को पहचाना। उन्होंने एमानुएल को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद दुमका में आयोजित आउटडोर ट्रायल में उन्होंने हिस्सा लिया। इस दौरान देवघर में पदस्थापित रहे दारोगा मनोज मुर्मू का भी सहयोग मिला। चयन होने के बाद एमानुएल के लिए एथलेटिक्स में आगे बढ़ने का रास्ता खुल गया।
चार साल से घर से दूर रहकर कर रहे हैं तैयारी
खेल के प्रति जुनून और बेहतर प्रशिक्षण की चाह ने एमानुएल को कम उम्र में ही घर से दूर कर दिया। झारखंड सरकार के खेल विभाग की ओर से साहिबगंज के सिदो-कान्हु स्टेडियम स्थित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र में उनका चयन हुआ। पिछले करीब चार वर्षों से वह वहीं रहकर प्रशिक्षण ले रहे हैं।
वर्तमान में एमानुएल प्लस टू इंटर स्कूल, साहिबगंज में नौवीं कक्षा के छात्र हैं। कोच योगेश यादव के मार्गदर्शन में वह नियमित अभ्यास कर अपनी तकनीक और प्रदर्शन को बेहतर बना रहे हैं। पढ़ाई के साथ खेल की तैयारी जारी रखना उनकी दिनचर्या का हिस्सा है।
सफलता के बाद जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया हौसला
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद एमानुएल को बधाइयां और सम्मान मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। बुधवार को दुमका के सांसद नलिन सोरेन और जिला परिषद अध्यक्ष जोयेस बेसरा ने शिवतल्ला स्थित आवास पर उन्हें सम्मानित किया। साथ ही भविष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।
शिकारीपाड़ा के विधायक आलोक कुमार सोरेन ने भी एमानुएल की उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की है। एमानुएल को खेल सामग्री, प्रशिक्षण और अन्य आवश्यक संसाधनों के लिए सहायता देने का प्रयास किया जाएगा।
अब ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना
राष्ट्रीय स्तर पर रिकॉर्ड बनाने और स्वर्ण पदक जीतने के बाद एमानुएल की नजर अब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं पर है। उनका सपना ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना और देश के लिए पदक जीतना है। मलूटी क्षेत्र, जो अब तक अपने ऐतिहासिक मंदिरों के लिए जाना जाता था, उसकी पहचान में एमानुएल की उपलब्धि ने एक नया अध्याय जोड़ दिया है।


