औचक निरीक्षण में खुली पोलः असली आवंटियों की जगह दूसरे लोग चला रहे थे दुकान; दो बार नोटिस के बाद भी नहीं सुधरे थे कारोबारी
राजधानी के मोरहाबादी स्थित अटल वेंडिंग मार्केट (वेंडिंग जोन) में दुकानों के आवंटन और संचालन में बड़े पैमाने पर हो रही अनियमितता पर रांची नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार (28 नवंबर) को निगम की टीम ने वेंडिंग जोन का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान नियमों की अनदेखी और आवंटित स्थलों को किराए पर लगाने का मामला उजागर होने के बाद कुल 43 दुकानों का आवंटन रद्द करने की अनुशंसा की गई है। इस कार्रवाई से वेंडिंग जोन के दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।

आवंटियों की जगह दूसरे लोग चला रहे थे दुकान
रांची नगर निगम की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सहायक नगर आयुक्त के नेतृत्व में एक विशेष टीम शनिवार को मोरहाबादी वेंडिंग जोन पहुंची। इस औचक जांच का मुख्य उद्देश्य यह सत्यापित करना था कि निगम ने जिन फुटपाथ दुकानदारों को रोजगार के लिए जगह दी है, वे स्वयं वहां व्यवसाय कर रहे हैं या नहीं। निरीक्षण के क्रम में टीम ने पाया कि कई मूल आवंटियों ने अपने स्टॉल या निर्धारित स्थल को नियमों के विरुद्ध जाकर दूसरे व्यक्तियों को किराए पर दे दिया है। वहीं, कुछ दुकानदार ऐसे भी मिले जो अपनी आवंटित जगह को खाली छोड़कर बाजार के दिनों में बाहर सड़क पर अतिरिक्त ठेला लगाकर कारोबार कर रहे थे।
सब्जी बाजार की स्थिति सबसे खराब, 36 में से 32 आवंटी गायब
निरीक्षण के दौरान सबसे चौंकाने वाला तथ्य सब्जी विक्रेताओं के लिए आरक्षित हिस्से में सामने आया। निगम द्वारा सब्जी विक्रेताओं को कुल 36 स्थान आवंटित किए गए थे, लेकिन जांच के समय इनमें से महज 4 स्थानों पर ही वास्तविक आवंटी दुकान लगाते पाए गए। शेष 32 आवंटित स्थलों पर मूल दुकानदार नदारद थे और वहां कोई कारोबार नहीं हो रहा था। निगम की टीम ने इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए तत्काल प्रभाव से इन सभी 32 सब्जी दुकानों का आवंटन रद्द करने की सिफारिश कर दी है।
फूड व मिसलेनियस श्रेणी की 11 दुकानों पर भी गिरी गाज
सब्जी विक्रेताओं के अलावा फूड एवं मिसलेनियस (अन्य सामग्री) श्रेणी की दुकानों की भी गहन जांच की गई। इस श्रेणी की 11 दुकानों में सीधा नियम उल्लंघन पाया गया। जांच में पता चला कि इनमें से कई दुकानें लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जबकि कुछ दुकानों को अवैध रूप से सब-लेट (किराए पर) कर दिया गया है। ऐसे में इन सभी 11 दुकानों का आवंटन भी रद्द करने की अनुशंसा की गई है।
दो बार नोटिस के बाद भी नहीं सुधरे थे दुकानदार
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई अचानक नहीं की गई है। इससे पूर्व भी नियमों का उल्लंघन करने वाले इन दुकानदारों को निगम की ओर से दो बार चेतावनी नोटिस जारी किया जा चुका था। उन्हें सख्त हिदायत दी गई थी कि वे आवंटित स्थल पर स्वयं उपस्थित रहकर व्यापार करें। बार-बार निर्देश देने के बावजूद कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने पर अंततः सहायक नगर आयुक्त ने सभी 43 दुकानों का आवंटन रद्द करने की अंतिम अनुशंसा कर दी है।

