झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में हुई व्यापक अनियमितता, पेपर लीक और करोड़ों के लेन-देन की जांच कर रही सीआइडी (CID) ने रांची स्थित विशेष अदालत में दाखिल अपनी चार्जशीट में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जांच एजेंसी ने पुख्ता सबूतों के साथ कोर्ट को बताया है कि किस तरह परीक्षा माफिया, बिचौलियों और एजेंसी कर्मियों के सिंडिकेट ने मिलकर चयन प्रक्रिया में सेंध लगाई। चार्जशीट के मुताबिक, अभ्यर्थियों से प्रारंभिक परीक्षा (PT) पास कराने से लेकर अंतिम चयन तक के लिए मोटी रकम वसूली गई थी।
75 लाख में तय हुआ सौदा, दोस्त से कर्ज लेकर बिचौलिए को दिए पैसे
सीआइडी की जांच में सामने आया है कि अभ्यर्थी मुकेश कुमार उर्फ मुकेश साहू (14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा रोल नंबर- 2601255880) का बिचौलिए अभय तिवारी के साथ जेपीएससी में अंतिम चयन कराने के लिए 75 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। अग्रिम राशि जुटाने के लिए मुकेश ने 13 जुलाई 2026 को अपने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 40 हजार रुपये निकाले और एक दोस्त से 50 हजार रुपये उधार लिए। इसके अलावा अन्य स्रोतों से जुटाई गई राशि सहित कुल पांच लाख रुपये नकद उसने एक अन्य बिचौलिए उमेश कुमार को रातू रोड में सौंपे थे। पैसों के साथ उसने अपनी ओएमआर (OMR) शीट की कार्बन कॉपी भी बिचौलिए को दी थी।
परीक्षा केंद्र में खाली बैठा रहा अभ्यर्थी, बाद में भरे गए OMR शीट के गोले
जांच एजेंसी ने परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज को मुख्य सबूत के तौर पर पेश किया है। फुटेज के अनुसार, परीक्षा के दौरान मुकेश अधिकांश समय खाली बैठा रहा और उसने बहुत कम प्रश्नों के उत्तर लिखे। इसके विपरीत, मूल्यांकन के लिए भेजी गई उसकी मूल ओएमआर शीट में अधिकतर प्रश्नों के गोले भरे हुए पाए गए। सीआइडी का दावा है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद एजेंसी के कर्मचारियों और सिंडिकेट की मिलीभगत से मूल ओएमआर शीट में सही जवाब भरे गए। पूछताछ के दौरान स्वयं मुकेश ने भी अनुचित साधनों के जरिए पीटी परीक्षा पास करने की बात स्वीकार की है।
ब्लैकलिस्टेड कंपनी को बिना टेंडर सौंप दिया गोपनीय काम
चार्जशीट में आयोग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। सीआइडी ने कोर्ट को बताया कि लखनऊ स्थित एजेंसी ‘मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड’ (TDPL) को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने लापरवाही और तथ्य छिपाने के आरोप में 20 मई 2025 को तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया था। इसके बावजूद, जेपीएससी ने जून 2025 के बाद बिना किसी नियमित टेंडर प्रक्रिया के इसी दागी एजेंसी को गोपनीय परीक्षाओं का महत्वपूर्ण कार्य सौंप दिया।
जारी होने से पहले ही वाट्सएप पर लीक हुई थी उत्तरकुंजी
जांच में यह भी उजागर हुआ है कि अप्रैल 2026 में आयोजित हुई प्रारंभिक परीक्षा की उत्तरकुंजी (Answer Key) आधिकारिक रूप से जारी होने से पहले ही लीक कर दी गई थी। 26 मई 2026 को तत्कालीन उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता ने अपने वाट्सएप नंबर से उत्तरकुंजी टीडीपीएल के कर्मचारी उस्मान को भेजी थी।
मार्केटिंग मैनेजर था सिंडिकेट का सरगना, तय थी रेट लिस्ट
सीआइडी के अनुसार, इस पूरे गिरोह का मुख्य सरगना टीडीपीएल कंपनी का मार्केटिंग मैनेजर मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय कुमार तिवारी था। उसने परीक्षा पास कराने के लिए बाकायदा रेट लिस्ट तय कर रखी थी। वह प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) पास कराने के लिए पांच लाख रुपये और अंतिम चयन सुनिश्चित करने के लिए अभ्यर्थियों से 10 से 25 लाख रुपये तक की वसूली करता था।


