रांची। ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज (AIPMM) के झारखंड प्रांतीय कार्यालय में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ देश की आजादी के लिए योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया गया। साथ ही पसमांदा समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास तथा देश की एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में AIPMM झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष अबु सईद अंसारी ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने तिरंगे को सलामी देने के बाद स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले पसमांदा मुस्लिम समाज के लोगों को याद किया। उन्होंने कहा कि आजादी के आंदोलन में बलिदान देने वाले पसमांदा समाज के कई लोगों को इतिहास में उचित स्थान नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि समाज के ऐसे लोगों को उनका उचित सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए संगठन लगातार प्रयास करता रहेगा।
समाज को एकजुट करने पर जोर
AIPMM के रांची महानगर अध्यक्ष गुलाम जावेद कुरैशी ने अपने संबोधन में राज्य के पसमांदा समाज को एकजुट करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने समाज के अधिकार और हितों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने की बात कही।
वहीं कुरैशी पंचायत के गुलाम गौस कुरैशी ने स्वतंत्रता संग्राम में महापुरुषों के योगदान को याद किया। उन्होंने पसमांदा समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का संकल्प दोहराया।
संगठन को मजबूत करने पर हुई चर्चा
स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद AIPMM के पदाधिकारियों की एक बैठक भी हुई। इसमें झारखंड में संगठन को और मजबूत करने, जमीनी स्तर पर गतिविधियां बढ़ाने तथा समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से सक्रिय भूमिका निभाने पर चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष अबु सईद अंसारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पसमांदा समाज देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।
राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश में भाईचारे, अमन-चैन तथा संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित लोगों के बीच मिठाइयां वितरित की गईं।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अबु सईद अंसारी, महानगर अध्यक्ष गुलाम जावेद, महिला महानगर अध्यक्ष रूबी परवीन, गुलाम गौस कुरैशी, मो. रउफ, इरफान कुरैशी, सैफ आलम, मो. इरफान, आकिब अहमद, सहाब सईद, शादाब अंसारी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े – वंदेमातरम् के सामूहिक गायन से गूंजा टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, कांके, राष्ट्रभक्ति के माहौल में मना स्वतंत्रता दिवस


