रांची। झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने लोकभवन में राज्यपाल से मुलाकात की। इस दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य की मौजूदा स्थिति और विभिन्न ज्वलंत मुद्दों से राज्यपाल को अवगत कराया।
मुलाकात के दौरान JPSC-JSSC छात्र आंदोलन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। भाजपा नेताओं ने राज्यपाल को बताया कि बड़ी संख्या में छात्र पिछले 24 दिनों से रांची में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। नेताओं के मुताबिक, आंदोलन में शामिल कुछ छात्र आमरण अनशन पर हैं और उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की मांगों को लेकर सरकार की ओर से अब तक ठोस समाधान नहीं निकाला गया है। उन्होंने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप करने और छात्रों की मांगों पर सरकार की ओर से गंभीरता से विचार कर समाधान की दिशा में पहल करने का आग्रह किया।
नेताओं ने बातचीत की प्रक्रिया को लेकर भी अपनी बात राज्यपाल के सामने रखी। उनका कहना था कि छात्रों के साथ संवाद के बावजूद आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है और उनकी कई मांगें अभी लंबित हैं।
मुलाकात के दौरान राज्य के अन्य ज्वलंत मुद्दों पर भी चर्चा हुई। भाजपा नेताओं ने राज्यपाल को प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों की जानकारी देते हुए आवश्यक हस्तक्षेप का आग्रह किया।
वहीं, राज्यपाल ने भाजपा नेताओं को आश्वस्त किया कि राज्य में उपजे विभिन्न हालात पर उनकी नजर है और वे पूरे मामले की परिस्थितियों से अवगत हैं।
इसे भी पढ़े – डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा बने भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री, झारखंड से राष्ट्रीय संगठन में बढ़ी जिम्मेदारी


