बोले—भाजपा संगठन को और मजबूत बनाना प्राथमिकता, युवाओं के न्याय की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी
रांची, 19 अगस्त 2026। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय मंत्री एवं झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा राष्ट्रीय दायित्व मिलने के बाद बुधवार को पहली बार रांची पहुंचे। रांची एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने उनका भव्य एवं उत्साहपूर्ण स्वागत किया।
स्वागत के लिए बड़ी संख्या में प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और समर्थक एयरपोर्ट पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ एवं फूल-मालाओं से उनका स्वागत करते हुए नए दायित्व के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूरा एयरपोर्ट परिसर भाजपा के नारों और कार्यकर्ताओं के उत्साह से गूंज उठा।
संगठन को मजबूत बनाना प्राथमिकता
मीडिया से बातचीत में डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें जो महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंत्री का दायित्व केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि झारखंड के भाजपा कार्यकर्ताओं के स्नेह, सहयोग और संगठन के प्रति उनकी मेहनत का सम्मान है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां सामान्य कार्यकर्ता भी मेहनत और समर्पण के बल पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तक पहुंच सकता है।
डॉ. वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय मंत्री के रूप में उनकी प्राथमिकता संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं व्यापक बनाना होगी। पार्टी की विचारधारा, संगठन की मजबूती और राष्ट्रसेवा के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगे।
छात्रों के मुद्दे पर हेमंत सरकार पर हमला, CBI जांच की मांग
छात्र आंदोलन और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर डॉ. वर्मा ने हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि छात्रों के लगातार आंदोलन और उठ रहे गंभीर सवालों के दबाव में संबंधित परीक्षा रद्द तो कर दी गई, लेकिन सरकार अब तक पूरे मामले की CBI जांच कराने से क्यों बच रही है, यह गंभीर सवाल है।
उन्होंने कहा कि जब राज्य के छात्र और युवा निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं, तो सरकार को जांच से पीछे हटने के बजाय पारदर्शिता के साथ पूरे मामले की सच्चाई सामने लानी चाहिए। उन्होंने कहा, “अगर सरकार पूरे मामले में साफ है तो फिर CBI जांच से डर क्यों रही है? निष्पक्ष जांच होने दीजिए, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।”
डॉ. वर्मा ने कहा कि परीक्षा में कथित अनियमितताओं की वास्तविकता सामने लाने के लिए निष्पक्ष एवं विस्तृत CBI जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच से यह स्पष्ट होगा कि परीक्षा प्रक्रिया में कहां और किस स्तर पर गड़बड़ी हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन लोग हैं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी। छात्रों और युवाओं के साथ भाजपा मजबूती से खड़ी है और उनके न्याय, पारदर्शिता एवं निष्पक्ष व्यवस्था की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर मेयर रोशनी खलको, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, प्रदेश मंत्री अमित सिंह, ग्रामीण जिला अध्यक्ष धीरज महतो, नगर अध्यक्ष वरुण साहू, पूर्व विधायक राम कुमार पाहन, मीडिया सह प्रभारी अजय राय, प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर, के.के. गुप्ता, सुबोध सिंह गुड्डू, युवा मोर्चा अध्यक्ष शंशाक राज, जेलेंद्र कुमार, शशिभूषण भगत, ललित ओझा, अमित चरण, विजय साहू, जितेंद्र वर्मा, संजय जयसवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें:-एक आंदोलन स्थगित तो दूसरा जारी : JSSC CGL रद्द को लेकर झारखण्ड में टकराव बरकरार


