रांची, 19 अगस्त 2026: श्री राम लला पूजा समिति, रांची की ओर से बुधवार को रांची जिला स्कूल प्रांगण में श्री दुर्गा पूजा आयोजन के लिए विधि-विधान से खूंटी पूजन संपन्न किया गया। कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे आयोजित हुआ, जिसमें समिति के संरक्षक चंद्रदेव प्रसाद सिंह, अध्यक्ष अशोक चौधरी, महासचिव कुणाल अजमानी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी और महासचिव कुणाल अजमानी ने बताया कि समिति पिछले दो वर्षों से भव्य तरीके से श्री दुर्गा पूजा का आयोजन कर रही है। इस वर्ष पूजा समिति के तीसरे वर्ष के अवसर पर रांची जिला स्कूल प्रांगण में वाराणसी स्थित स्वरवेद महामंदिर धाम के प्रारूप का निर्माण कराया जाएगा। इसे तैयार करने में करीब 60 दिन का समय लगेगा।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में समिति ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर के प्रारूप के साथ दुर्गा पूजा की शुरुआत की थी। इसके बाद वर्ष 2025 में स्वामीनारायण मंदिर, भुज (गुजरात) के प्रारूप को पूजा पंडाल के रूप में प्रस्तुत किया गया। दोनों वर्षों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंडाल का दर्शन किया और समिति के प्रयासों की सराहना की।
स्वरवेद महामंदिर धाम की दिखेगी भव्य झलक
पूजा पंडाल में वाराणसी के स्वरवेद महामंदिर धाम की वास्तुकला और भव्यता की झलक देखने को मिलेगी। समिति के अनुसार, वाराणसी के सारनाथ से करीब 4 किलोमीटर दूर उमरा गांव में स्थित स्वरवेद महामंदिर धाम का निर्माण वर्ष 2023 में पूरा हुआ था। करीब 3 लाख वर्ग फुट क्षेत्रफल में फैली इस सात मंजिला संरचना की ऊंचाई लगभग 180 फीट बताई गई है।
मंदिर की वास्तुकला में मकराना संगमरमर और गुलाबी बलुआ पत्थर का इस्तेमाल किया गया है। इसकी दीवारों पर स्वरवेद के श्लोकों को उकेरा गया है। समिति का कहना है कि मंदिर के प्रारूप को दिन के उजाले के साथ-साथ रात में आकर्षक रोशनी के बीच भी श्रद्धालु देख सकेंगे।
समिति के मुख्य संरक्षक संजय सेठ तथा संरक्षक दीपक प्रकाश, प्रदीप वर्मा, योगेंद्र प्रसाद, राजेश कश्यप, संजय यादव, सीपी सिंह और नवीन जायसवाल हैं।
खूंटी पूजन कार्यक्रम में प्रकाश धेलिया, धीरज तनेजा, रोहित अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, राजू पोद्दार, सागर कुमार, भावेन राठौर, दीपक चौधरी, मनीष लोधा, प्रमोद सारस्वत, बादल सिंह, रवि प्रकाश टूंना, राजीव कुमार, रोहित पांडेय, सुनील जायसवाल, नीलम चौधरी, अनिल चौधरी, निर्मल जालान, सोनू भारद्वाज, राजीव टांटिया, कृष्णा अग्रवाल, शुभम मित्तल, अमन प्रकाश सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


