धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में JLKM विधायक जयराम महतो और थाना प्रभारी के बीच फोन पर हुई कथित तीखी बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में दोनों के बीच फर्जी सर्टिफिकेट और फर्जी मोहर से जुड़े एक मामले को लेकर बहस होती सुनाई दे रही है।
ऑडियो में विधायक जयराम महतो पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाते सुनाई दे रहे हैं कि JLKM कार्यकर्ता को किसी के कहने पर फर्जी सर्टिफिकेट के मामले में नोटिस दिया गया। विधायक ने कार्रवाई को राजनीतिक खुन्नस से जोड़ते हुए पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।
वहीं, थाना प्रभारी ऑडियो में कथित तौर पर जवाब देते सुनाई दे रहे हैं कि पुलिस के पास फर्जी मोहर बनाए जाने से संबंधित प्रमाण हैं और दो तरह की मोहरों का मामला सामने आया है। थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई कर रही है।
‘सरकार बदली तो पर्सनल खुन्नस निकालूंगा’
वायरल ऑडियो में बातचीत के दौरान जयराम महतो की ओर से कथित तौर पर कहा गया, “जिस दिन झारखंड में सरकार बदलेगी, तुमसे पर्सनल खुन्नस निकालूंगा।” विधायक ने थाना प्रभारी को यह बात याद रखने की चेतावनी भी दी।
इसके जवाब में थाना प्रभारी संयम बरतते हुए कथित तौर पर कहते हैं कि जो भी अपराध करेगा, उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी और वे किसी के कहने पर काम नहीं कर रहे हैं।
फर्जी हस्ताक्षर और प्रमाणपत्र से जुड़ा है विवाद
पूरा विवाद बड़ा पिछरी की मुखिया यशोदा देवी के कथित फर्जी हस्ताक्षर से जाति प्रमाणपत्र, आवासीय प्रमाणपत्र और वंशावली बनाए जाने के आरोप से जुड़ा बताया जा रहा है। इस मामले में JLKM नेता गणेश दास की गिरफ्तारी के बाद 21 अगस्त की रात डुमरी विधायक जयराम महतो बरवाअड्डा थाना पहुंचे थे।
इसके बाद थाना परिसर में विधायक समर्थकों और मुखिया समर्थकों के बीच मारपीट और हंगामे की स्थिति बनी थी। आरोप है कि इसी दौरान विधायक के साथ भी मारपीट की गई। विधायक ने घटना को अपने खिलाफ साजिश बताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दोनों पक्षों की ओर से दर्ज हुआ केस
थाने के भीतर हुई घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ काउंटर केस दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामले में SC/ST एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
इसे भी पढ़े – बोकारो: स्कूलों के आसपास नशे के खिलाफ बढ़ेगी निगरानी, हॉटस्पॉट पर नियमित छापेमारी के निर्देश


