रांची: प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) के सुप्रीमो दिनेश गोप उर्फ कुलदीप यादव उर्फ बड़कू से जुड़े टेरर फंडिंग मामले में शनिवार को गवाही नहीं हो सकी। रांची स्थित NIA की विशेष अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान गवाह के उपस्थित नहीं होने के कारण कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 14 सितंबर की तारीख निर्धारित की है।
मामले की सुनवाई NIA के विशेष न्यायाधीश अभिमन्यु कुमार की अदालत में हो रही है। गवाह के पेश नहीं होने के कारण निर्धारित कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी।
2016 में बेड़ो थाने में दर्ज हुआ था मामला
यह मामला वर्ष 2016 का है। रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र में PLFI के खिलाफ दर्ज टेरर फंडिंग से जुड़े केस को बाद में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने टेकओवर कर लिया था।
NIA ने इस मामले में PLFI सुप्रीमो दिनेश गोप समेत 11 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। रांची स्थित NIA की विशेष अदालत में दाखिल चार्जशीट में एजेंसी ने बताया है कि 10 नवंबर 2016 को बेड़ो थाना में मामला दर्ज किया गया था।
मामला नोटबंदी के दौरान 25.38 लाख रुपये के पुराने 500 और 1000 रुपये के नोट के साथ पेट्रोल पंप कर्मियों की गिरफ्तारी से जुड़ा था। जांच के दौरान यह बात सामने आई थी कि बरामद रकम कथित तौर पर PLFI सुप्रीमो दिनेश गोप की थी और इसे लेवी एवं रंगदारी के जरिए जुटाया गया था।
रांची पुलिस के बाद NIA ने संभाली जांच
इस मामले में रांची पुलिस ने 9 जनवरी 2017 को पहला आरोप पत्र दाखिल किया था। इसके बाद NIA ने टेरर फंडिंग से जुड़े इस मामले को टेकओवर किया और 19 जनवरी 2018 को नया केस दर्ज कर जांच शुरू की।
NIA की जांच का केंद्र यह पता लगाना रहा कि PLFI के कथित टेरर फंडिंग नेटवर्क के जरिए रकम किस तरह जुटाई और संचालित की जाती थी तथा इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे।
इन आरोपियों की हुई थी गिरफ्तारी
PLFI के टेरर फंडिंग मामले में गिरफ्तार आरोपियों में विनोद कुमार, चंद्रशेखर कुमार, नंद किशोर महतो, मोहन कुमार उर्फ राजेश कुमार, सुमंत कुमार उर्फ पवन कुमार, नंदलाल स्वर्णकार उर्फ नंदलाल सोनी, चंद्रशेखर सिंह, अरुण गोप, जितेंद्र कुमार और गुजरात के नवीन भाई जयंती भाई पटेल शामिल हैं।
फिलहाल मामले में गवाही नहीं हो पाने के कारण सुनवाई आगे बढ़ गई है। अब इस मामले में 14 सितंबर को अगली सुनवाई होगी।
इसे भी पढ़े – ट्रैक पर अचानक आई लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली, वंदे भारत से हुई जोरदार टक्कर


