रांची। राजधानी रांची की सड़कों की सूरत अब बदलने वाली है। शहर को जल्द ही एक ऐसी सड़क मिलने जा रही है, जो न सिर्फ यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि शहरवासियों के लिए बैठने, टहलने और हरियाली के बीच सुकून के पल बिताने की जगह भी बनेगी। दरअसल राज्य की पहली 10 लेन स्मार्ट रोड बनाने का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। करीब 177 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी सड़क का टेंडर पश्चिम बंगाल की कंपनी रामचंद्र पाल को मिला है। काम का आवंटन हो चुका है और सर्वे का काम भी शुरू हो गया है, जिसमें स्टेट हाइवे ऑथोरिटी ऑफ झारखंड (SHAJ) की टीम जुटी हुई है।
खूबसूरत होगी सड़क, मिलेंगी कई सुविधाएं
यह सिर्फ एक सामान्य सड़क नहीं होगी, बल्कि सुविधाओं से भरपूर स्मार्ट रोड होगी। सड़क किनारे लोगों के बैठने के लिए बेंच और कुर्सियां लगाई जाएंगी, साथ ही जगह-जगह झोपड़ीनुमा खुली संरचनाएं बनाई जाएंगी जहां लोग आराम से बैठ सकेंगे। पैदल टहलने वालों का भी विशेष ध्यान रखा गया है। सड़क के बीच और किनारों पर फूल-पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाई जाएगी। राज्य में इस तरह की सड़क पहली बार बनाई जा रही है।
कहां से कहां तक बनेगी यह सड़क
यह स्मार्ट रोड ओल्ड विधानसभा के आगे विवेकानंद स्कूल मोड़ से शुरू होकर जगन्नाथ मंदिर, हाईकोर्ट और नई विधानसभा भवन के मुख्य मार्ग से होते हुए नयासराय आरओबी तक जाएगी। विवेकानंद स्कूल मोड़ से नयासराय आरओबी तक करीब 6.089 किलोमीटर सड़क को सिक्स लेन बनाया जाएगा, जिसके दोनों किनारों पर सर्विस रोड और टू लेन पेव्ड शोल्डर भी होगा। इसके अलावा नयासराय आरओबी से नयासराय होते हुए रिंग रोड तक करीब 2.12 किलोमीटर मौजूदा सड़क को चौड़ा किया जाएगा।
साइकिल ट्रैक और सोलर लाइट से जगमगाएगी सड़क
स्मार्ट रोड के मुख्य हिस्से में सिक्स लेन के साथ साइकिल ट्रैक, फुटपाथ और बेहतर सर्विस रोड की व्यवस्था होगी। सबसे खास बात यह है कि साइकिल ट्रैक के ऊपर सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिनसे सड़क की लाइटें जगमगाएंगी। पूरी सड़क पर सोलर सिस्टम लगाया जाएगा और सुरक्षा के सभी मानकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
इसे भी पढ़े – क्यों हर साल 29 अगस्त को ही मनाया जाता है राष्ट्रीय खेल दिवस ?


