कभी सिर्फ शिकायत और सवाल उठाने का जरिया माना जाने वाला सोशल मीडिया अब जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने का माध्यम भी बन रहा है। बोकारो में इसका एक मानवीय उदाहरण सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर आई एक शिकायत ने 15 वर्षीय खुशी कुमारी के इलाज का रास्ता खोल दिया।
फुसरो के ढोरी बस्ती की रहने वाली 15 वर्षीय खुशी जन्मजात हृदयरोग से पीड़ित थीं। उनके इलाज को लेकर प्लेटफॉर्म ‘X’ पर शिकायत सामने आई। मामला बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा तक पहुंचा तो उन्होंने बिना देर किए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया।
इसके बाद सिविल सर्जन, बोकारो और फुसरो नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने जरूरी पहल की। खुशी को बेहतर इलाज के लिए केरल के कोच्चि स्थित अमृता अस्पताल भेजा गया।
फिर आया वह दिन, जिसने खुशी और उनके परिवार की जिंदगी बदल दी। 21 अगस्त 2026 को खुशी की हृदय सर्जरी सफलतापूर्वक हुई। अस्पताल में इलाज और चिकित्सकीय निगरानी के बाद अब खुशी स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुकी हैं।
एक सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुई बात आखिरकार एक परिवार के लिए राहत और उम्मीद की खबर बन गई। खुशी के परिजनों ने जिला प्रशासन की पहल के लिए उपायुक्त और पूरी टीम का आभार जताया।
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और सोशल मीडिया समेत विभिन्न माध्यमों से मिलने वाली जनशिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़े – नगड़ी EVM वेयरहाउस का डीसी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और CCTV व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश


