रांची के बुढ़मू-ठाकुरगांव में एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। पंचमुखी हनुमान मंदिर रोड निवासी 60 वर्षीय शिबू बैठा और उनकी 57 वर्षीय पत्नी सरस्वती देवी ने महज आधे घंटे के अंतराल में दुनिया को अलविदा कह दिया। पत्नी की मौत की खबर सुनने के बाद पति की भी अचानक तबीयत बिगड़ी और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

परिजनों के मुताबिक, सरस्वती देवी पिछले करीब एक सप्ताह से लकवे की बीमारी से जूझ रही थीं। उनकी हालत को देखते हुए परिजन उनका इलाज रातू में करा रहे थे। रविवार की सुबह इलाज के दौरान करीब 9 बजे सरस्वती देवी ने दम तोड़ दिया।
पत्नी की मौत की खबर जैसे ही शिबू बैठा को मिली, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन जब तक कुछ समझ पाते और उन्हें संभालने की कोशिश करते, करीब आधे घंटे बाद सुबह 9:30 बजे शिबू बैठा ने भी दम तोड़ दिया।
एक ही दिन और महज 30 मिनट के अंतराल में पति-पत्नी की मौत की खबर से परिवार के साथ आसपास के लोग भी स्तब्ध रह गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग शोक जताने उनके घर पहुंचने लगे।
स्थानीय लोग इस घटना को पति-पत्नी के बीच गहरे जुड़ाव से जोड़कर देख रहे हैं। लोगों का कहना है कि ऐसा संयोग बेहद कम देखने को मिलता है, जब जीवनभर साथ रहने वाला दंपती अंतिम सफर भी लगभग एक साथ तय कर ले। दोनों की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।
इसे भी पढ़े – खेलते-खेलते गायब हुए दो मासूम, चप्पल देखकर टैंक में तलाशा तो उड़ गए होश




