दुमका जिले में बकरी पालन योजना में निवेश कर 13 महीने में रकम दोगुना करने का झांसा देकर दर्जनों लोगों से ठगी करने के मामले में शुक्रवार को दूसरी एफआईआर दर्ज की गई। यह एफआईआर नगर थाना दुमका में सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफेसर अंजुला मुर्मू सहित 10 लोगों के खिलाफ सुष्मिता सोरेन ने दर्ज कराई है। दिलचस्प बात यह है कि इसी मामले में प्रो. अंजुला मुर्मू द्वारा पहले दर्ज कराई गई एफआईआर में सुष्मिता सोरेन को ही आरोपी बनाया गया था।
कैसे हुई ठगी
सुष्मिता सोरेन ने अपनी शिकायत में बताया कि एसकेएम यूनिवर्सिटी की अंग्रेजी लेक्चरर डॉ. अंजुला मुर्मू उनकी रिश्ते में गोतनी हैं और पुरानी जान-पहचान भी है। आरोप है कि डॉ. अंजुला और उनके 8-9 सहयोगियों ने RWA (Real World Assets) योजना के तहत बकरी पालन और ऑनलाइन निवेश में रोजाना 0.50 से 0.75 प्रतिशत मुनाफे और रकम दोगुनी होने का झांसा देकर फर्जी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड दिखाए। इस झांसे में आकर सुष्मिता और उनके पति ने कुल दो लाख दस हजार रुपये का निवेश किया।
अचानक बंद हुई वेबसाइट, मची हलचल
शुरुआत में योजना ठीक चलती रही, लेकिन इस वर्ष 31 मई को प्लान बदलने के बाद निवेशक अपनी रकम वापस मांगने लगे। जुलाई में कंपनी की साइट से पैसा निकासी अचानक बंद कर दी गई, जिससे हड़कंप मच गया। आरोपी सुमित नायक ने भरोसा दिलाया कि 10 अगस्त से सब सामान्य हो जाएगा, लेकिन 13 अगस्त 2026 को RWA वेबसाइट पूरी तरह बंद हो गई।
किन-किन के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
एफआईआर में डॉ. अंजुला मुर्मू, विनोद कुमार सिंह, सुमित नायक, कोर्नेलियुस मरांडी, रोशन कुमार ठाकुर, विवेक सिंह, मनीष कुमार, निरुलता बेसरा, स्वीटी प्रियंका हंसदा और अभिराज मुर्मू के नाम शामिल हैं। सुष्मिता ने दावा किया कि दर्जनों अन्य लोगों से भी लाखों रुपये की ठगी की गई है।
एसपी का बयान
दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़े – बारिश का कहर: न्यू फरक्का में रेलवे ट्रैक धंसा, पाकुड़ रूट की कई ट्रेनें रद्द


